जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

MP के डिंडौरी में बड़ा हादसा : पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, 14 लोगों की मौत; 20 घायल, एक्सपायर हो चुका था गाड़ी का बीमा और फिटनेस

डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी में बड़ा हादसा हो गया है। यहां बिछिया-बड़झर गांव में एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा में भर्ती कराया गया है। वाहन में लगभग 45 लोग सवार थे। मृतकों में 6 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं। वहीं पुलिस ने पिकअप मालिक अजमेर टेकाम निवासी करोंदी को हिरासत में ले लिया है।

एक्सपायर हो चुका था वाहन का बीमा और फिटनेस

जानकारी के मुताबिक, हादसा बिछिया थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 1:30 बजे हादसा हुआ। वहीं पुलिस तड़के तीन से चार बजे के बीच मौके पर पहुंची। पिकअप अमाही देवरी गांव से मंडला जिले के मसूर घुघरी गांव गई थी। लौटते समय पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और 20 फीट नीचे खेत में जा गिरी। वाहन का बीमा और फिटनेस एक्सपायर हो चुका था। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, इनमें 6 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं। सभी की उम्र 16 से 60 वर्ष के बीच है। सभी मृतकों का अंतिम संस्कार डिंडौरी के अमाही देवरी गांव में एक साथ होगा।

 

कलेक्टर डिंडोरी द्वारा सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए रेडक्रॉस से तत्काल राहत राशि प्रदान की गई है। मृतकों के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार रुपए, घायलों को 5-5 हजार रुपए की राहत राशि दी गई है। मृतकों की अंत्येष्टि के लिए पीड़ित परिवार को सहायता राशि 5-5 हजार रुपए एवं घायलों को संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

4-4 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिंडौरी जिले में हुई वाहन दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, घटना में  हताहत लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके डिंडौरी पहुंच रहीं हैं।

मृतकों की हुई पहचान

  1. मदन सिंह पिता बाबू लाल (उम्र 50 वर्ष)
  2. प्रीतम पिता गोविंद बरकड़े (उम्र 16 वर्ष)
  3. पुन्नू पिता रामलाल (उम्र 55 वर्ष)
  4. भड्डी बाई (उम्र 35 वर्ष)
  5. सेमबाई पति रमेश (उम्र 40 वर्ष)
  6. लालसिंह (उम्र 53 वर्ष)
  7. मुलिया (उम्र 60 वर्ष)
  8. तितरी बाई (उम्र 50 वर्ष)
  9. सावित्री (उम्र 55 वर्ष)
  10. सरजू पिता धनुवा (उम्र 45 वर्ष)
  11. रागी बाई पति चंदू (उम्र 35 वर्ष)
  12. बसंती (उम्र 30 वर्ष)
  13. रामवती (उम्र 30 वर्ष)
  14. किरपाल (उम्र 45 वर्ष)

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button