PU Special :नेताओं का अफसरों पर बढ़ा गुस्सा-केंद्रीय मंत्री सिंधिया, सावित्री ठाकुर और पूर्व मंत्री मलैया सहित कई ‘माननीय’ नाराज

राजीव सोनी, भोपाल। मध्यप्रदेश में केंद्रीय मंत्रियों से लेकर सत्ता पक्ष के कई विधायक और पूर्व मंत्री नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों को लेकर ब्यूरोक्रेसी पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। राशन वितरण, पीएम आवास, सड़कों की बदहाली, गंदगी, प्रशासनिक अव्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सार्वजनिक मंचों से जनप्रतिनिधियों ने अफसरों को फटकार लगाई है। हाल ही में दमोह, शिवपुरी, धार, खंडवा, बुरहानपुर, जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, गुना, झाबुआ, अलीराजपुर और मंडला जिलों के मामले सुर्खियों में आए हैं।
एक दर्जन जिलों में सामने आई समस्याएं
प्रदेश के करीब एक दर्जन जिलों में राशन वितरण से लेकर बदहाल सड़कों, गंदगी, खनिज विभाग की अनियमितताओं और अन्य समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश सामने आया है। भाजपा विधायक अजय विश्नोई, मंजू दादू, पन्नालाल शाक्य और कुंवर सिंह टेकाम भी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जता चुके हैं।
भ्रष्ट कर्मचारी और सेल्समैनों को सलाखों के पीछे भेजेंगे : सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 4 सितंबर को शिवपुरी जिले के राजापुर गांव में राशन वितरण में लापरवाही की जानकारी मिलने पर नाराज हो गए। उन्होंने मंच से ही प्रशासनिक अधिकारियों की क्लास लगाई। उन्होंने कहा कि गरीबों का राशन खाने वाले भ्रष्ट कर्मचारियों और सेल्समैनों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। गलत काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिंधिया ने अधिकारियों को तीन दिन में सभी पात्र लोगों को राशन वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी व्यवस्था पर नजर रखने को कहा।
ये भी पढ़ें: मेट्रो में सफर, बच्चों से बातचीत... 13 साल बाद SRCC पहुंचे PM मोदी, 100 रुपए का स्मारक सिक्का किया जारी
अफसर खुद फील्ड विजिट कर रिपोर्ट सौंपें : सावित्री ठाकुर
आदिवासी छात्रावासों की बदहाली, खराब भोजन और अव्यवस्थाओं के मुद्दे पर धार की सांसद एवं केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर दिशा समिति की बैठक में अफसरों पर नाराज हुईं। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं फील्ड विजिट कर कमियां दूर करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की रिपोर्ट अधिकारियों द्वारा नहीं दी जा रही है। हाल ही में निसरपुर स्थित कन्या छात्रावास की छात्राएं अव्यवस्थाओं के विरोध में रात करीब 12 बजे खिड़की से कूदकर पैदल कुक्षी थाने पहुंची थीं। छात्राओं का आरोप था कि 60 बच्चों की क्षमता वाले छात्रावास में 150 बच्चियों को रखा गया है।
अधिकारी-पार्षद गरीबों का पैसा खा रहे : मलैया
पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया पीएम आवास योजना और गरीबों के राशन वितरण में कथित अवैध वसूली के मुद्दे पर नाराज हुए। दमोह कलेक्ट्रेट में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की मौजूदगी में उन्होंने प्रशासनिक और राजनीतिक भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। मलैया ने कहा कि गरीबों के लिए आने वाले सरकारी धन का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है। नेता, अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद और नगर पालिका के कर्मचारी मिलकर गरीबों के पैसे का दुरुपयोग कर रहे हैं।
विधायक के पिता ही लगा रहे चक्कर
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के पिता उमा शाह जमीन के सीमांकन के लिए तीन महीने तक पटवारी कार्यालय के चक्कर लगाते रहे। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने रिपोर्ट में उल्टा लिख दिया कि वे सीमांकन नहीं कराते। दो दिन पहले शाह ने सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब वे मंत्रालय और मानवाधिकार आयोग में शिकायत करेंगे। उनका सवाल है कि जब विधायक के पिता की सुनवाई नहीं हो रही तो आम लोगों की क्या स्थिति होगी?
छह को जेल भेजा, आपूर्ति अधिकारी को नोटिस
शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बताया कि कोलारस में राशन वितरण में गड़बड़ी का मामला पुराना है। मामले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी गौरव कदम को नोटिस दिया गया है। छह लोगों को जेल भेजा गया है, जबकि अतिक्रमण के मामले में एक मकान भी तोड़ा गया। केंद्रीय मंत्री के सख्त निर्देश के बाद जिले में व्यवस्था की समीक्षा कर कार्रवाई शुरू की गई है।
अधिकारियों को निर्देश, सीएमओ को नोटिस
दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि दमोह नगर पालिका की बैठक में टूटी सड़कों, राशन वितरण, गंदगी और सफाई के मुद्दे पर पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने नाराजगी जताई। मामले में नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नोटिस भी दिया जाएगा।




















