PlayBreaking News

मऊगंज हिंसा पर सरकार का बड़ा एक्शन, कलेक्टर-SP पर गिरी गाज, IAS संजय कुमार जैन और दिलीप सोनी को कमान

Follow on Google News
मऊगंज हिंसा पर सरकार का बड़ा एक्शन, कलेक्टर-SP पर गिरी गाज, IAS संजय कुमार जैन और दिलीप सोनी को कमान
मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में हुई हिंसा के बाद सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। मंगलवार देर रात सरकार ने जिले के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक (एसपी) रसना ठाकुर को हटा दिया है। उनकी जगह संजय कुमार जैन को नया कलेक्टर और दिलीप कुमार सोनी को नया एसपी नियुक्त किया गया है।

चार दिन बाद सरकार का बड़ा फैसला

मऊगंज में हिंसा और बवाल के चार दिन बाद सरकार ने कार्रवाई करते हुए जिले के कलेक्टर और एसपी को बदल दिया है। गृह विभाग द्वारा 18 मार्च की देर रात यह आदेश जारी किया गया। कलेक्टर अजय श्रीवास्तव को हटाकर उप सचिव, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग में स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह 2015 बैच के आईएएस अधिकारी संजय कुमार जैन को मऊगंज का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, एसपी रसना ठाकुर को हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) के पद पर भेजा गया है। उनकी जगह उज्जैन आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) के एसपी दिलीप कुमार सोनी को मऊगंज का नया एसपी नियुक्त किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

मऊगंज के गढ़वा गांव में हुई इस हिंसा की जड़ें दो महीने पुराने एक सड़क हादसे से जुड़ी हैं। इस हादसे में अशोक नाम के व्यक्ति की मौत हो गई थी। अशोक के परिजनों ने इसे साजिश करार देते हुए हत्या का आरोप सनी द्विवेदी नामक युवक पर लगाया था। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 15 मार्च को अशोक के परिजनों ने सनी को बंधक बना लिया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। आरोप है कि उसे करंट लगाया गया और बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अशोक आदिवासी समुदाय से था, जबकि सनी ब्राह्मण समुदाय से था, जिससे घटना ने सामुदायिक तनाव का रूप ले लिया।

पुलिस पर हमला, एएसआई की मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वह सनी को छुड़ाने में असफल रही। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई और तहसीलदार समेत 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ के हमले में एएसआई की मौत हो गई।

विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक बवाल

घटना के बाद मऊगंज और आसपास के इलाकों में तनाव व्याप्त है। सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। विधानसभा में विपक्ष ने भी इस घटना को लेकर सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts