अंतर्राष्ट्रीयताजा खबर

अमेरिका : प्लेन-हेलिकॉप्टर क्रैश में सभी 67 लोगों की मौत, अब तक 30 शव मिले, टक्कर के बाद विमान के हो गए थे तीन टुकड़े

वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में रीगन नेशनल एयरपोर्ट के पास आसमान में अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान और हेलिकॉप्टर में भीषण टक्कर हो गई। क्रैश के बाद दोनों पोटोमैक नदी में गिर गए। इस हादसे के बारे में जानकारी देते हुए वॉशिंगटन के फायर चीफ ने बताया कि इस हादसे में सभी 67 लोगों की मौत हो गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 30 शव बरामद कर लिए गए हैं। वाशिंगटन अग्निशमन विभाग के प्रमुख जॉन डोनेली ने दुर्घटना पर एक बयान में कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि कोई भी जीवित बचेगा। बता दें कि यह हादसा बुधवार रात को हुआ।

ट्रंप ने हादसे पर उठाए सवाल

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा- प्लेन एयरपोर्ट के लिए एकदम सही रास्ते पर था। हेलिकॉप्टर काफी देर से प्लेन की ओर सीधा आ रहा था। रात साफ थी, प्लेन की लाइट्स जल रही थीं, फिर भी हेलिकॉप्टर ऊपर या नीचे क्यों नहीं गया या मुड़ा क्यों नहीं। ट्रंप ने आगे लिखा कि, कंट्रोल टावर ने हेलिकॉप्टर को यह क्यों नहीं बताया कि उसे क्या करना है, बजाय इसके कि क्या उन्होंने प्लेन देखा है। उन्होंने कहा, यह एक बुरी स्थिति है जिसे रोका जाना चाहिए था। जो हुआ वो सही नहीं था।

कैसे हुआ हादसा

यह हादसा अमेरिकन एयरलाइंस के CRJ700 जेट और अमेरिकी सेना के ब्लैकहॉक हेलिकॉप्टर के बीच हुआ। सेना के अधिकारियों के अनुसार, हेलिकॉप्टर में तीन लोग सवार थे। एयरलाइन कंपनी ने रात 9 बजे इस हादसे की जानकारी दी। यह जेट केन्सास से वॉशिंगटन डीसी आ रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, रीगन नेशनल एयरपोर्ट (डीसीए) के पास स्थानीय समयानुसार रात 8:50 बजे के बाद कई लोग हादसे के बारे में जानकारी देने के लिए कॉल करने लगे।

हादसे के बाद एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों और लैंडिंग को रोक दिया गया है। क्रैश के बाद दोनों विमान पोटोमैक नदी में गिर गए। यह हादसा उस समय हुआ जब जेट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए आ रहा था और तभी वो हेलिकॉप्टर से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों विमान क्रैश होकर पोटोमैक नदी में गिर गए। यह हेलिकॉप्टर Sirosky H-60 था।

ट्रंप की लोगों से अपील

अमेरिकी व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लीविट ने बताया कि, राष्ट्रपति ट्रंप को हादसे की जानकारी दे दी गई है। वे इस पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ट्रंप ने लोगों से शांत रहने की अपील की और अधिकारियों को रेस्क्यू के लिए निर्देश दिए हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हादसे पर दुख जताने के साथ ही नागरिकों से पीड़ितों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।

संबंधित खबरें...

Back to top button