PU Special :मंगुभाई पटेल की पारी के 5 साल 100 दिन, 1977 के बाद मप्र के किसी पूर्णकालिक राज्यपाल का सबसे लंबा लगातार कार्यकाल

मनीष दीक्षित, भोपाल। मप्र के लोकभवन में मंगुभाई छगनभाई पटेल की पारी एक महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुंच गई है। 8 जुलाई 2021 को राज्यपाल का पद संभालने वाले पटेल 16 अक्टूबर 2026 तक पांच वर्ष और 100 दिन पूरे कर चुके हैं। इसके साथ उन्होंने 1977 के बाद मप्र में पदस्थ किसी भी पूर्णकालिक राज्यपाल के लगातार कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, प्रदेश में सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड अब भी हरि विनायक पाटस्कर के नाम है, जिन्होंने 1957 से 1965 तक राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाली थी।
सत्यनारायण सिन्हा 6 साल 7 महीने राज्यपाल रहे
पटेल से पहले सत्यनारायण सिन्हा 8 मार्च 1971 से 13 अक्टूबर 1977 तक यानी 6 साल 7 महीने मप्र के राज्यपाल रहे। इसके बाद किसी पूर्णकालिक राज्यपाल का कार्यकाल इतना लंबा नहीं रहा। दिग्विजय सिंह सरकार के समय राज्यपाल रहे भाई महावीर ने पांच वर्ष 14 दिन तक पद संभाला। वहीं, बलराम जाखड़ और रामनरेश यादव का कार्यकाल पांच वर्ष पूरे होने से एक दिन पहले समाप्त हुआ। मंगुभाई पटेल इन सभी के मुकाबले अधिक समय से लगातार इस संवैधानिक पद पर बने हुए हैं।
नपा सदस्य से राज्यपाल तक का सफर
गुजरात के नवसारी में राजनीतिक जीवन शुरू करने वाले पटेल 1982 से 1987 तक नगर पालिका के सदस्य रहे। इसके बाद छह बार विधायक रहे। गुजरात सरकार में वन एवं पर्यावरण सहित विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी संभाली। 2013 से 2017 तक गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रहे। उन्हें गुजरात के प्रमुख आदिवासी नेताओं में गिना जाता है।मप्र में उनके कार्यकाल के दौरान जनजातीय समुदायों, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर उनकी सक्रियता भी चर्चा में रही है। मंगुभाई ऐसे समय में मप्र के राज्यपाल बने थे, जब तत्कालीन राज्यपाल लालजी टंडन के निधन के बाद अतिरिक्त प्रभार की व्यवस्था चल रही थी। उनके पदभार संभालने के बाद प्रदेश को पूर्णकालिक राज्यपाल मिला। पांच वर्ष से अधिक की उनकी लगातार पारी अब मध्यप्रदेश के राज्यपालों के हालिया इतिहास में एक अलग अध्याय बन चुकी है।
ये भी पढ़ें: बदल दी परिभाषा... राज्यपाल मंगुभाई पटेल पांच साल में मप्र के सभी 55 जिलों में पहुंचे, किए 220 से ज्यादा दौरे
ये राज्यपाल पांच साल पूरे होने से पहले विदा हुए
मोहम्मद शफी कुरैशी: 24 जून 1993 से 21 अप्रैल 1998 तक राज्यपाल रहे। उनका कार्यकाल पांच साल पूरा होने से करीब दो महीने पहले समाप्त हुआ।
प्रोफेसर केएम चांडी: कार्यकाल पांच साल से कम रहा।
बलराम जाखड़: 30 जून 2004 से 29 जून 2009 तक।
रामनरेश यादव: 8 सितंबर 2011 से 7 सितंबर 2016 तक।
(जाखड़ और यादव का कार्यकाल पांच साल पूरा होने से एक दिन पहले समाप्त हुआ।)
मंगुभाई के साथ नियुक्त सातों राज्यपालों के मूल पद बदले
राष्ट्रपति सचिवालय ने 6 जुलाई 2021 को मंगुभाई पटेल सहित आठ राज्यपालों की नियुक्ति और तबादलों की घोषणा की थी। पटेल को छोड़कर बाकी सात राज्यपालों के राज्यों में अब दूसरे राज्यपाल पद संभाल रहे हैं।
ये भी पढ़ें: मंत्री विजय शाह मामले में अब निगाहें ‘लोक भवन’ की ओर, कैबिनेट ने जो तय किया उस पर राज्यपाल की राय रहेगी अहम




















