Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Mahakumbh Stampede : महाकुंभ मेले में भगदड़ पर PM मोदी की नजर, CM योगी से 4 बार की बात

Mahakumbh Stampede : महाकुंभ मेले में भगदड़ पर PM मोदी की नजर, CM योगी से 4 बार की बात
प्रयागराज। महाकुंभ मेले में बुधवार तड़के मौनी अमावस्या के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बनने से कई लोगों की मौत और घायल होने की सूचना है। इस घटना के बाद सभी अखाड़ों ने अमृत स्नान नहीं करने का निर्णय किया है। भगदड़ की घटना और बचाव कार्यों पर पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद नजरें बना रखी हैं। पिछले दो घंटे में पीएम मोदी चार बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कर चुके हैं।

पीएम मोदी ने चौथी बार CM योगी से की बात

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि महाकुंभ में हुई भगदड़ के मामले पर प्रधानमंत्री लगातार नजर रख रहे हैं। उन्होंने दो से तीन घंटे के अंदर चौथी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। पीएम मोदी ने दूसरी बार हुई बातचीत में घटनाक्रम की समीक्षा की और तत्काल सहायता उपाय करने का आह्वान किया।

अमित शाह-जेपी नड्डा ने भी सीएम योगी से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के अलावा केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अक्ष्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सीएम योगी से फोन पर बात की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि केंद्र सरकार की तरफ से सभी स्वास्थ्य सेवाओं की मदद की जाएगी। महाकुंभ में बीजेपी कार्यकर्ता सभी तरह से प्रशासन की हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। बातचीत के दौरान सीएम योगी ने जेपी नड्डा को बताया कि प्रशासन ने हालात पर काबू पा लिया है। देखें वीडियो...

सभी घाटों पर शांतिपूर्ण स्नान जारी, अफवाहों पर ध्यान न दें : योगी

महाकुंभ में देर रात कुछ समय के लिये भगदड़ जैसे हालात बनने के बाद स्थिति संगम तट पर स्थिति अब सामान्य हो चुकी है और सरकार ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह देते हुये अपील की है कि वे अपने नजदीक के घाट पर ही स्नान करें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि श्रद्धालु मां गंगा के जिस घाट के समीप है, वहीं स्नान करें और संगम की ओर जाने का प्रयास न करें। स्नान के लिए कई घाट बनाए गए हैं और इनमें से किसी में भी स्नान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करें और व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। श्रद्धालु किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें। इस बीच सरकार ने एक बयान जारी कर कहा कि संगम के सभी घाटों पर शांतिपूर्वक स्नान चल रहा है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।’

10 बजे से अखाड़ों का शाही स्नान होगा शुरू

अखाड़ा परिषद् के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने कहा है कि हमारे घाट खाली होने के बाद हम स्नान करने जाएंगे। ऐसा प्रयास किया जा रहा है। पुरी ने कहा कि सुबह 10 बजे से स्नान शुरू होगा।

रात 2 बजे मची अफरातफरी

यह हादसा रात करीब 2 बजे संगम तट के पास हुआ, जब लाखों श्रद्धालु पुण्य स्नान के लिए उमड़े थे। अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई, जिससे कई लोग कुचल गए और कई नदी में गिर गए। अराजकता के बीच मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी स्थिति संभालने में जुट गए, लेकिन तब तक कई लोगों की जान जा चुकी थी।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

घटना की जानकारी मिलते ही मेला क्षेत्र में तैनात प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए। एडीजी जोन भानु भास्कर, महाकुंभ मेलाधिकारी विजय किरण आनंद, आईजी रेंज प्रेम गौतम, कमिश्नर विजय विश्वास पंत और पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने तुरंत हालात का जायजा लिया और पूरे आपातकालीन तंत्र को सक्रिय कर दिया।

अखाड़ों का अमृत स्नान रद्द

महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान पर्व के अवसर पर संगम तट के निकट भगदड़ मचने के बीच अखाड़ों का “अमृत स्नान” फिलहाल रद्द कर दिया गया है। अखिल भारतीय अखाडा परिषद और हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी ने बताया कि जिस प्रकार से श्रद्धालुओं की भीड़ स्नान के लिए उमडी है और भगदड़ की घटना सामने आई है उससे अखाड़ों ने “अमृत स्नान” को फिलहाल निरस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि अखाडों के वहां जाने से स्थिति और भी बिगाड़ सकती है। उन्होंने बताया कि भगदड़ के कारण अमृत स्नान का कार्यक्रम फिलहाल रद्द कर दिया गया है। आगे की जो भी रणनीति होगी उसके अनुसार कार्य किया जाएगा। स्थिति सामान्य होने पर शाम तक अमृत स्नान हो सकता है।

मंगलवार रात तक 4.83 करोड़ लोगों ने किया स्नान

उल्लेखनीय है कि मौनी अमावस्या से एक दिन पूर्व मंगलवार को रात 8 बजे तक 4.83 करोड़ लोगों ने स्नान किया, जबकि इससे पूर्व मकर संक्रांति पर 3.5 करोड़ और पौष पूर्णिमा पर 1.7 करोड़ लोगों ने संगम में डुबकी लगाई थी। ये भी पढे़ं- MahaKumbh Stampede : महाकुंभ में संगम तट पर मची भगदड़, 10 से ज्यादा श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल; अखाड़ों का अमृत स्नान रद्द
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts