ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

महाकाल लोक पर राजनीति : तीन दिन बाद आया मंत्री भूपेंद्र सिंह का जवाब, बोले- अगर भ्रष्टाचार हुआ है, तो कांग्रेस दे सबूत

भोपाल। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल लोक में स्थापित सप्त ऋषियों की मूर्तियां खंडित होने को लेकर अब राजनीति शुरू हो गई है। एक तरफ कांग्रेस इसको लेकर भाजपा पर हमलावर बनी हुई है। वहीं अब भाजपा ने भी इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। दरअसल, बदले मौसम के कारण आंधी की वजह से महाकाल लोक में स्थापित सप्त ऋषियों की कुछ मूर्तियां गिरकर टूट गईं थीं। हालांकि, इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।

सबूत पेश करे कांग्रेस : भूपेंद्र सिंह

मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कांग्रेस को सबूत पेश करने की चुनौती दी है। इसके साथ ही महाकाल लोक में हुई तबाही के लिए कांग्रेस को जिम्मेवार ठहराया है। मंत्री ने कहा कि, महाकाल लोक में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। यदि कांग्रेस आरोप लगा रही है तो इसके प्रमाण भी दें।

भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर लगाए ये आरोप

भूपेंद्र सिंह ने बारिश और आंधी से महाकाल लोक में मूर्तियां खंडित होने के मामले में प्रेस कांन्फ्रेस में सफाई दी कि महाकाल लोक में मूर्तियों के निर्माण में सरकार ने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया है। मूर्तियों के निर्माण की स्वीकृति कांग्रेस सरकार में दी गई थी। बीजेपी सरकार ने कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में दो बार कांग्रेस ने भुगतान किया है। यदि भ्रष्टाचार हुआ तो कांग्रेस सरकार ने किया होगा। बीजेपी सरकार ने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया। यदि कांग्रेस को आरोप लगाने है तो तथ्यों के साथ लगाए और प्रमाण पेश करे। इसके लिए प्रदेश की जनता से माफी भी मांगे।

कमलनाथ ने सीएम शिवराज से की ये मांग

कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अपने ट्वीट में कहा कि मध्य प्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने जब उज्जैन में महाकाल मंदिर परिसर का भव्य निर्माण करने का संकल्प लिया था तब इस बात की कल्पना नहीं की थी कि बाद की सरकार महाकाल लोक के निर्माण में भी गंभीर अनियमितता करेगी। जिस तरह से महाकाल लोक परिसर में आंधी चलने से देव प्रतिमाएं जमीन पर गिर गईं, वह द्दश्य किसी भी धार्मिक व्यक्ति के लिए अत्यंत करुण द्दश्य है। उन्होंने सीएम से मांग की कि गिरी प्रतिमाओं के स्थान पर नई प्रतिमाएं स्थापित की जाएं और घटिया निर्माण करने वालों को जांच कर दंडित किया जाए।

महाकाल के नाम पर भाजपा पैसे खा गई : दिग्गी

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि, अब महाकाल के नाम पर भाजपा पैसे खा गई। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि कोई ऐसी योजना नहीं है, जिसमें भाजपा ने भ्रष्टाचार ना किया हो। उज्जैन के महाकुंभ में घटिया निर्माण किया और अब 750 करोड़ से बने महाकाल लोक कॉरिडोर की मूर्तियां तेज हवा से उड़ गई।

मालवा क्षेत्र में देर रात आया तूफान

सीएम को अधिकारियों ने बताया कि मालवा क्षेत्र के उज्जैन एवं आसपास के इलाकों में तेज तूफान से प्राकृतिक आपदा जैसी स्थित उत्पन्न हुई। इसमें दो लोगों की (एक उज्जैन और एक नागदा में) मृत्यु हो गई और तीन लोग घायल हुए। लगभग 50 वृक्ष और कई बिजली के खंभे उखड़ गए। साथ ही बताया गया कि महाकाल लोक में 155 प्रतिमाएं हैं, जिनमें से 6 खंडित हुई हैं। ये सभी डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के तहत कांट्रेक्टर द्वारा नई स्थापित की जाएंगी।

ये भी पढ़ें- आंधी-तूफान से महाकाल लोक में मूर्तियां हुईं क्षतिग्रस्त, सीएम शिवराज ने अधिकारियों को दिए निर्देश

संबंधित खबरें...

Back to top button