
देवास। मध्य प्रदेश के देवास में आधी रात को एक धार्मिक स्थल पर हंगामे की तस्वीर सामने आई। जिसमें इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष शुक्ला और उसके साथी पुजारी से विवाद करते नजर आए। मामला माता टेकरी के प्रसिद्ध चामुंडा मंदिर का है, जहां मंदिर बंद होने के बावजूद दर्शन की जिद को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि पुजारी के बेटे से मारपीट तक की नौबत आ गई। अब इस मामले में FIR दर्ज हो चुकी है और राजनीति भी गरमा गई है।
आधी रात पहुंचे मंदिर
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार (12 अप्रैल) रात करीब 12:40 बजे रुद्राक्ष शुक्ला अपने साथियों के साथ करीब एक दर्जन चारपहिया वाहनों के काफिले में माता टेकरी पहुंचा। यहां प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर के पट नियमानुसार रात 12 बजे बंद हो जाते हैं। लेकिन रुद्राक्ष और उसके साथियों ने पुजारी के बेटे उपदेश नाथ से जबरदस्ती पट खोलने की मांग की।
पुजारी से गाली-गलौज और मारपीट का आरोप
पुजारी के बेटे उपदेश ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि, जब उसने नियमों का हवाला देकर मना किया, तो जितेन्द्र रघुवंशी नामक युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और थप्पड़ भी मारा। जब विवाद बढ़ा तो साथियों ने बीच-बचाव किया। रुद्राक्ष शुक्ला का नाम भले ही FIR में नहीं है, लेकिन पुजारी परिवार का आरोप है कि पूरी घटना में वह भी मौजूद था।
सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
पुजारी परिवार ने दावा किया है कि, रुद्राक्ष शुक्ला ने माता टेकरी पर जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें अवैध हूटर लगे वाहन टेकरी की ओर जाते दिख रहे हैं। पुलिस ने टेकरी पर लगे CCTV फुटेज खंगालने की बात कही है ताकि सच सामने आ सके कि इतने वाहन पहाड़ी पर कैसे पहुंचे।
पुजारी बोले- वाहन ऊपर तक कैसे पहुंचे?
पुजारी परिवार का कहना है कि, मंदिर में माता तुलजा भवानी और चामुंडा माता के श्रृंगार में लाखों की ज्वेलरी रहती है। ऐसे में देर रात मंदिर में जबरन घुसने की कोशिश एक बड़ी सुरक्षा चूक है। उन्होंने पूछा कि आखिर किसके आदेश पर टेकरी के गेट खुले और वाहन ऊपर तक पहुंचे?
FIR दर्ज, जीतू रघुवंशी नामजद
कोतवाली पुलिस ने पुजारी के बेटे की शिकायत पर जीतू रघुवंशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जो राष्ट्रीय वंदे गोमाता संघ का अध्यक्ष बताया जा रहा है। CSP दिशेष अग्रवाल के मुताबिक, जीतू पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच जारी है और मंदिर क्षेत्र के CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
कांग्रेस बोली- BJP की गुंडागर्दी मंदिरों तक पहुंची
इस मामले पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने कहा, “भाजपा के विधायक का बेटा मंदिर में घुसकर आतंक मचाता है, पुजारी को पीटा जाता है और FIR किसी और पर होती है। यह बताता है कि मध्य प्रदेश में जंगलराज है।”
अभिनव बरोलिया का पूरा बयान- मध्य प्रदेश के इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे ने देवास के मंदिर में घुसकर जो आतंक मचाया है वो बहुत ही खतरनाक है। पुजारियों की पिटाई की है और FIR हुई है दोस्त की। ये बताता है कि, एमपी में भाजपा की गुंडागर्दी दादागिरी मंदिरों तक पहुंच गई है। मंदिरों में घुसकर दादागिरी पिटाई और जो आतंक मचा रहे हैं वो बताता है मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था का क्या हाल है। कानून व्यवस्था पूरे तरीते से चरमरा चुकी है। जिसने कृत्य किया है उस पर एफआईआर नहीं हो रही है। मध्य प्रदेश में पूरी तरह से जंगलराज चल रहा है।
कांग्रेस नेता पिंटू जोशी ने आरोप लगाया कि विधायक पुत्र रोज पुलिस वाहन जैसा दिखने वाला निजी वाहन इस्तेमाल करता है और इसकी जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमिनुल खान सूरी ने कहा कि उम्मीद है कि देवास के कलेक्टर और एसपी विधायक पुत्र के दबाव में नहीं आएंगे और गरीब पुजारी को न्याय दिलाएंगे।
ये भी पढ़ें- ग्वालियर में दो सगे भाइयों के बीच विवाद में चली गोलियां, दो युवक हुए घायल, मामले की जांच में जुटी पुलिस