Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लोकसभा चुनाव से पहले दलबदल का दौर, पूर्व सांसद पप्पू यादव, चौधरी लाल सिंह और BSP सांसद दानिश अली ने थामा पंजे का दामन; दो पार्टियों का कांग्रेस में विलय

लोकसभा चुनाव से पहले दलबदल का दौर, पूर्व सांसद पप्पू यादव, चौधरी लाल सिंह और BSP सांसद दानिश अली ने थामा पंजे का दामन; दो पार्टियों का कांग्रेस में विलय
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले दलबदल का दौर जारी है। बिहार में जन अधिकार पार्टी के प्रमुख और पूर्व सांसद पप्पू यादव की पार्टी का कांग्रेस में विलय हो गया है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के प्रमुख नेता चौधरी लाल सिंह और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के लोकसभा सदस्य दानिश अली समर्थकों के साथ बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। दिल्ली में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया गया।

पप्पू यादव की पार्टी 'जाप' का कांग्रेस में विलय

पूर्व सांसद राजेश रंजन ऊर्फ पप्पू यादव कांग्रेस में शामिल हो गए और अपनी जन अधिकार पार्टी (जाप) का विलय कर दिया। यादव और उनके पुत्र सार्थक ने कांग्रेस मुख्यालय में देश की सबसे पुरानी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस के बिहार प्रभारी मोहन प्रकाश और पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने पार्टी में उनका स्वागत किया। यादव ने कहा- मेरी विचारधारा हमेशा कांग्रेस की विचारधारा के करीब रही है... राहुल गांधी जी संघर्ष के प्रतीक हैं। उन्होंने देश के लिए एक उम्मीद जगाई है। कांग्रेस और लालू यादव मिलकर 2024 जीतेंगे और 2025 जीतेंगे। बता दें कि पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन भी कांग्रेस की नेता हैं और वह राज्यसभा सदस्य हैं। माना जा रहा है कि पप्पू यादव कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। https://twitter.com/AHindinews/status/1770409056751993106

चौधरी लाल सिंह की कांग्रेस में वापसी

जम्मू-कश्मीर की प्रमुख नेता एवं राज्य में विभिन्न सरकारों में मंत्री रही डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी के अध्यक्ष चौधरी लाल सिंह ने कांग्रेस में वापसी कर ली है। उन्होंने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। कांग्रेस के जम्मू-कश्मीर के प्रभारी महासचिव भरत भाई सोलंकी पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी पवन खेड़ा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्हें अंग वस्त्र पहनकर उन्हें कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई। https://twitter.com/AHindinews/status/1770401326045839836 चौधरी लाल सिंह ने कहा कि उन्होंने वैष्णो देवी में पिट्टू वाले, घोड़े वालों पर जो टैक्स लगता था उसे माफ करवाया। उन्होंने कहा कि यह संयोग है कि वह जिस पार्टी में खड़े होते हैं वह पार्टी सत्ता में आती है। 2004 में भाजपा का शाइनिंग इंडिया नारा चरम पर था तो तब उन्होंने भाजपा को हराया गया था। आज वह कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। लोग डर के मारे भाजपा में शामिल हो रहे हैं, लेकिन वह डरने वाले नहीं है और कभी वह डरेंगे भी नहीं और लड़ते लड़ेंगे। जम्मू-कश्मीर में चुनाव लड़ना आसान नहीं है। उन पर कई हमले हुए हैं और वह बार-बार बचते रहे है। एक बार के हमले में तो उनके साथ के आठ लोग मारे गए लेकिन वह बच गए। बता दें कि वह कांग्रेस से दो बार सांसद रह चुके हैं।

2024 में बड़ा राजनीतिक बदलाव होने जा रहा - भरत भाई सोलंकी

कांग्रेस के जम्मू-कश्मीर के प्रभारी महासचिव भरत भाई सोलंकी ने इस मौके पर कहा कि 2024 में बड़ा राजनीतिक बदलाव होने जा रहा है और कांग्रेस बहुमत के साथ केंद्र की सत्ता में आएगी। राजनीति में जम्मू कश्मीर की भूमिका अहम साबित होगी। उन्होंने कहा कि लाल सिंह चौधरी के पार्टी के साथ कांग्रेस में शामिल होने से साफ है कि जम्मू-कश्मीर में बड़ा राजनीतिक बदलाव होने जा रहा है।

यूपी में बसपा का लगा तगड़ा झटका

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के लोकसभा सदस्य दानिश अली ने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के प्रभारी महासचिव अविनाश पांडे और पार्टी संचार विभाग के प्रभारी पवन खेड़ा ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्हें अंग वस्त्र पहनाकर कांग्रेस में शामिल कराया। उन्होंने कहा कि अमरोहा के सांसद दानिश अली के कांग्रेस में शामिल होने से देश में न्याय की लड़ाई को बल मिलेगा। उनका कहना था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मणिपुर से शुरू हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा में उन्होंने आखिर तक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जगह-जगह सहयोग देते रहे। https://twitter.com/AHindinews/status/1770409717287850050 अली ने कहा- आज जो देश की परिस्थितियां हैं,वह किसी से छुपी नहीं है। एक तरफ दमनकारी शक्तियां हैं तो दूसरी तरफ देश के वंचित, दलित और पीड़तिों को न्याय दिलाने वाली शक्ति है। इस स्थिति में दमनकारी शक्ति से लड़ना है तो राहुल गांधी के नेतृत्व में न्याय की लड़ाई में खड़ा होना पड़ेगा। इन्हीं विघटनकारी ताकत से लड़ने के लिए उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया है। बता दें कि वह कांग्रेस से दो बार सांसद रह चुके हैं। ये भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव से पहले JMM को झटका : हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन ने पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा, कहा- मेरे खिलाफ गहरी साजिश…
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts