ताजा खबरराष्ट्रीय

Lok Sabha Election 2024 : दूसरे चरण की 88 सीटों पर थमा चुनावी शोरगुल; MP की 6 सीटों पर होगा मतदान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के दूसरे चरण का प्रचार अभियान बुधवार शाम थम गया। इस चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा।

निर्वाचन आयोग के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दूसरे चरण में मध्य प्रदेश की बैतूल सीट पर भी चुनाव होना था, लेकिन बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार के निधन के बाद अब इस सीट पर चुनाव 7 मई को तीसरे चरण में होगा। इन सीटों पर कुल 1206 प्रत्याशी चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं।

दूसरे चरण में इन राज्यों में होगी वोटिंग

दूसरे चरण में केरल की 20, कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की 8- 8, मध्य प्रदेश की 6, असम और बिहार की 5-5, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की 3-3 और जम्मू-कश्मीर, मणिपुर तथा त्रिपुरा की 1-1 सीट पर मतदान होगा। मत सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक डाले जाएंगे और मतगणना 4 जून को होगी।

मप्र में भी थमा चुनाव प्रचार

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 6 संसदीय क्षेत्रों में आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार अभियान समाप्त होने के साथ ही चुनावी शोरगुल भी थम गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन के अनुसार इन 6 क्षेत्रों में मतदान 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे प्रारंभ होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। नियमों के अनुरूप मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले यानी आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। इसके बाद चुनावी सभाएं आदि नहीं हो सकेंगी और प्रत्याशी घर घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे।

खजुराहो सीट पर सबकी नजर

मध्य प्रदेश में दूसरे चरण में टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र में मतदान 26 अप्रैल को होगा। इस दौरान 1 करोड़ 11 लाख से अधिक मतदाता दूसरे चरण के लगभग 80 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद कर सकेंगे। इस चरण में सबसे ज्यादा प्रतिष्ठित सीट खजुराहो मानी जा रही है, जहां पर भाजपा प्रत्याशी के रूप में प्रदेश अध्यक्ष एवं मौजूदा सांसद वीडी शर्मा चुनाव मैदान में हैं। यहां पर इंडी गठबंधन की ओर से प्रत्याशी बनाई गई मीरा यादव (सपा) का नामांकनपत्र पहले ही रद्द हो चुका है। अब कांग्रेस या सपा का कोई भी प्रत्याशी यहां पर नहीं है। हालाकि, कुल एक दर्जन से अधिक प्रत्याशी अब भी मैदान में डटे हैं, जिनमें से अधिकतर निर्दलीय हैं।

भाजपा और कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत

इस बीच चुनाव प्रचार अभियान समाप्ति के पहले इन क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को टीकमगढ़, रीवा और सतना संसदीय क्षेत्रों में चुनावी सभाएं कर कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों और उनके नेताओं को निशाने पर लिया, तो केंद्र में काबिज मोदी सरकार के दस सालों की उपलब्धियों को गिनाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी नरसिंहपुर, रीवा और सतना जिलों में मंगलवार को चुनावी सभाएं लीं। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा खजुराहो में स्वयं ही प्रचार अभियान संभाल रहे हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य नेता भी चुनाव प्रचार अभियान में हिस्सा ले चुके हैं।
दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सभाएं ले चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा की जोड़ी भी विभिन्न संसदीय क्षेत्रों में पहुंचकर पार्टी प्रत्याशियों का उत्साहवर्धन कर उनका प्रचार कर रही है।

पहले चरण में 102 सीटों पर हुआ मतदान

गौरतलब है कि लोक सभा के पहले चरण के चुनाव में 16.63 करोड़ मतदाताओं ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल सहित कुल आठ केन्द्रीय मंत्रियों, दो पूर्व मुख्यमंत्रियों और एक पूर्व राज्यपाल सहित 1605 प्रत्याशियों के चुनावी भविष्य का फैसला तय किया था। पहले चरण में 102 सीटों पर औसतन 62 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था।

संबंधित खबरें...

Back to top button