करंट लगने से पांच साल के बच्चे की मौत, शौच करने के लिए बहन के साथ निकला था मासूम, हाथ धोते समय हुआ हादसा

करंट लगने से पांच साल के बच्चे की मौत, शौच करने के लिए बहन के साथ निकला था मासूम, हाथ धोते समय हुआ हादसा
भोपाल के रातीबड़ थाना इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 5 साल के मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। बच्चा खदान के किनारे शौच के बाद हाथ धोने गया था, लेकिन पानी में करंट फैला हुआ था। जैसे ही उसने हाथ डाला, उसे जोर का झटका लगा और वह बेसुध होकर गिर पड़ा। हादसे के समय खदान के पानी में एक कटे हुए बिजली के तार के कारण करंट फैला हुआ था।

हाथ धोते ही लगा करंट

यह घटना मंगलवार शाम की है। मृतक की पहचान 5 वर्षीय आयुष पिता मंगल पटेल के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ बरखेड़ा-नाथू इलाके में रहता था। हादसा नीलबड़ के मिलेनियम कॉलेज के पास अनिल प्रजापति की खदान में हुआ। मृतक के पिता मंगल पटेल ने बताया कि आयुष अपनी बहन के साथ शौच के लिए खदान किनारे गया था। हाथ धोने के लिए उसने पानी में हाथ डाला, लेकिन पानी में पहले से करंट था। करंट लगते ही वह बेसुध होकर गिर पड़ा और उसकी छाती बुरी तरह झुलस गई।

जब बहन ने मचाया शोर तो पिता ने बचाने की कोशिश की

आयुष की बहन ने यह देखकर जोर-जोर से शोर मचाया। आसपास के लोगों ने तुरंत उसके पिता को सूचना दी। उस वक्त मंगल पटेल पास के खेत में मजदूरी कर रहे थे। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक बिजली का तार पानी में पड़ा था। उन्होंने तुरंत उस तार को काटा और बेटे को बाहर निकाला। उस वक्त तक उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।

खेतों में पानी के लिए खदान का उपयोग

ग्रामीणों के अनुसार, आस-पास के किसान अपने खेतों में पानी के लिए इस खदान का उपयोग करते हैं। खेतों में मोटर पंप लगाए गए हैं, जिससे खदान से पानी लिया जाता है। हादसे के समय एक खेत की मोटर चालू थी, जिसका तार कटकर पानी में गिर गया था। इससे पूरे पानी में करंट फैल गया और मासूम की जान चली गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

इस घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लापरवाही किसकी थी और दोषी पर क्या कार्रवाई की जा सकती है। इस हादसे से इलाके के लोग भी दहशत में हैं और प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
Akriti Tiwary
By Akriti Tiwary

Latest Posts