Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर सीट से भाजपा की जीत पर बांटी गई शराब

कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष नड्डा से मांगा जवाब
Follow on Google News
कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर सीट से भाजपा की जीत पर बांटी गई शराब

बेंगलुरु। भाजपा नेता के. सुधाकर की चिक्कबल्लापुर लोकसभा सीट से जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित समारोह में शामिल लोगों को कथित तौर पर शराब की बोतल दी गई। सूत्रों ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिसकर्मी व ‘बाउंसर’ अवरोधकों के पीछे खड़ी भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों को शराब की बोतलें दे रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा और उसकी सहयोगी जनता दल (सेक्यूलर) के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक जमा हुए और इस मौके पर मांसाहार भी कराया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर.अशोक और भाजपा एवं जद(एस) के अन्य नेताओं ने भाग लिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आबकारी विभाग ने कार्यक्रम में शराब परोसने का लाइसेंस जारी किया था।

क्या यह भाजपा की संस्कृति है, जवाब दें: शिवकुमार

कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी.के.शिवकुमार ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा से शराब परोसने के मद्दे पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं (भाजपा के) स्थानीय नेताओं से जवाब नहीं चाहता। मैं चाहता हूं कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जवाब दें। यह भाजपा की संस्कृति है।’ जब शिवकुमार से पूछा गया कि क्या इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज की जाएगी तो उन्होंने कहा, ‘वह बाद की बात है; पहले भाजपा को जवाब देने दीजिए।’ कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडु राव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट जारी कर कहा, ‘ कहते कुछ हैं और करते कुछ...भाजपा नेता शराब बांटने में व्यस्त हैं, जबकि राज्य डेंगू की चपेट में है। भाजपा नेता कहां हैं जिन्होंने मेरे मैंगलोर दौरे के दौरान तरण-ताल में तैरने पर सवाल उठाया था? क्या यह आपकी संस्कृति है?’

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts