MP में दो जगहों पर मिले तेंदुए के शव, पन्ना में आपसी संघर्ष में मौत होने की आशंका, उमरिया में अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान

MP में दो जगहों पर मिले तेंदुए के शव, पन्ना में आपसी संघर्ष में मौत होने की आशंका, उमरिया में अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान
पन्ना/उमरिया। मध्यप्रदेश में गुरुवार को दो जगहों पर तेंदुए के शव मिले है। पन्ना जिले में दो तेंदुओं के बीच हुई भीषण लड़ाई में एक 5 वर्षीय नर तेंदुए की मौत हो गई। यह घटना पन्ना वन परिक्षेत्र अंतर्गत बहेरा बीट में घटी। वन विभाग के अनुसार, यह घटना तेंदुओं के इलाके के वर्चस्व की लड़ाई के कारण हुई। वहीं उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में चिल्हारी और महरोई के बीच सड़क पार कर रही एक 7-8 महीने की मादा तेंदुए की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।

कैसे हुआ खुलासा?

पन्ना में घटना का पता तब चला जब शौच के लिए गईं महिलाओं ने जंगल में मृत तेंदुए को देखा और वन विभाग को सूचना दी। वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया, जिसमें पाया गया कि तेंदुए की मौत गर्दन पर गहरे दांत के निशान और पसलियों के टूटने से हुई। इससे इस बात का खुलासा हुआ कि तेंदुआ की मौत आपसी संघर्ष में हुई है। शव में दुर्गंध न होने से यह स्पष्ट हुआ कि घटना बीती रात की है। पोस्टमार्टम के बाद तेंदुए के शव को वरिष्ठ वन अधिकारियों की मौजूदगी में जला दिया गया। पन्ना टाइगर रिज़र्व सहित बफर और टेरिटोरियल एरिया के जंगल में तेंदुओं की अच्छी खासी संख्या है। नतीजतन इलाके को लेकर भी इनके बीच आपसी संघर्ष की घटनाएं होती रहती हैं। देखें वीडियो...

उमरिया में मादा तेंदुए की मौत

उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में चिल्हारी और महरोई के बीच सड़क पार कर रही एक 7-8 महीने की मादा तेंदुए की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना देर रात की बताई जा रही है। अज्ञात वाहन तेंदुए को ठोकर मारकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। वहीं डॉग स्क्वाड की मदद से घटना स्थल की जांच की जा रही है। वन विभाग ने वाइल्ड लाइफ SOP के अनुसार तेंदुए के शव का अंतिम संस्कार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts