मुंबई में लॉरेंस गैंग के 5 शूटर गिरफ्तार : 7 हथियार बरामद, पुलिस को शक- निशाने पर थी कोई बड़ी हस्ती, जांच जारी

Follow on Google News
मुंबई में लॉरेंस गैंग के 5 शूटर गिरफ्तार : 7 हथियार बरामद, पुलिस को शक- निशाने पर थी कोई बड़ी हस्ती, जांच जारी
मुंबई। मुंबई क्राइम ब्रांच ने अंधेरी इलाके से लॉरेंस गैंग के पांच शूटरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से सात पिस्तौल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस को संदेह है कि ये किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों से मुंबई आए थे।

विशेष सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी

क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इन पांचों को शनिवार को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि, ये सभी किसी हाई-प्रोफाइल शख्सियत को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इनका मकसद क्या था और इनके पीछे कौन है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर उर्फ विक्की, सुमित कुमार दिलावर, श्रेयस यादव, देवेंद्र सक्सेना और विवेक गुप्ता के रूप में हुई है। ये सभी राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इनमें से सुमित कुमार और विकास हिस्ट्रीशीटर हैं और इनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

सलमान खान की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

गिरफ्तार आरोपियों के पास से मिले हथियार और उनकी पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस को संदेह है कि, इनका निशाना बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान हो सकते थे। हाल के महीनों में सलमान खान को लॉरेंस गैंग की ओर से कई धमकियां मिली हैं।

सलमान बोले- जितनी उम्र लिखी है…

सलमान खान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में सुरक्षा को लेकर खुलकर बात की। जब उनसे पूछा गया कि, क्या वह इन धमकियों से डरते हैं, तो उन्होंने जवाब में कहा कि- “भगवान, अल्लाह सब ऊपर है। जितनी उम्र लिखी है, उतनी लिखी है। कभी-कभी इतने लोगों को साथ में लेकर चलना पड़ता है, बस वही समस्या हो जाती है।” सलमान खान का यह बयान दर्शाता है कि, वह इन धमकियों से बेफिक्र हैं और अपने काम पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

सलमान खान की बढ़ाई गई सुरक्षा

पिछले साल सलमान खान को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी। इस सुरक्षा के तहत 11 जवान हर वक्त उनके साथ रहते हैं, जिनमें दो कमांडो और दो PSO शामिल होते हैं। उनकी गाड़ी बुलेटप्रूफ है और उनके घर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई थी फायरिंग

14 अप्रैल 2023 को सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर 7.6 बोर की बंदूक से चार राउंड फायरिंग की गई थी। इसके बाद उनकी सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया था। जनवरी 2024 में उनके अपार्टमेंट की बालकनी को बुलेटप्रूफ बनाया गया और हाई-रिजोल्यूशन कैमरे भी लगाए गए।

मुंबई पुलिस कर रही गहन जांच

मुंबई पुलिस ने आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धारा 25, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट 1951 की धारा 135 और बीएनएस की धारा 55, 61 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इनकी क्राइम हिस्ट्री का पता लगाने के लिए राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश की पुलिस से भी संपर्क कर रही है।

पुलिस को साजिश की आशंका

आरोपियों की उम्र 22 से 27 साल के बीच है और वे सभी शार्प शूटर्स बताए जा रहे हैं। पुलिस को शक है कि ये किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने मुंबई आए थे। अब यह जांच की जा रही है कि इनके पीछे कौन लोग हैं और इनके तार किससे जुड़े हैं। ये भी पढ़ें- ‘जितनी उम्र लिखी है…’ लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकियों पर पहली बार बोले सलमान खान, सिकंदर की रिलीज से पहले तोड़ी चुप्पी
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts