Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लक्ष्य सेन, पीवी सिंधु और त्रिशा जौली-गायत्री गोपीचंद की जोड़ी बनी चैंपियन

सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप, सेन ने सिंगापुर जिया हेंग जैसन को हराया
लक्ष्य सेन, पीवी सिंधु और त्रिशा जौली-गायत्री गोपीचंद की जोड़ी बनी चैंपियन

लखनऊ। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने से चूके लक्ष्य सेन ने रविवार को यहां सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप 2024 के क्रमश: महिला एवं पुरुष एकल का खिताब अपने नाम कर लिया। बाबू बनारसी दास स्पोर्टस अकादमी के इंडोर स्टेडियम में आज दो लाख दस हजार अमेरिकी डालर इनामी राशि वाली चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले खेले गए, जिसमें लक्ष्य सेन और पीवी सिंधु से पहले महिला युगल का खिताब दूसरी वरीयता प्राप्त त्रिशा जौली और गायत्री गोपीचंद ने जीता हालांकि मिश्रित युगल और पुरुष युगल का खिताब जीतने से भारतीय जोड़ियां चूक गईं।

टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता प्राप्त लक्ष्य ने सिंगापुर के चौथी वरीय जिया हेंग जैसन को सीधे गेम में 21-6,21-7 से हरा कर पहली बार सैयद मोदी बैडमिंटन का खिताब अपने नाम किया है। लक्ष्य को पहला गेम जीतने में मात्र 12 मिनट लगे, जबकि दूसरे गेम में उन्होने 16 मिनट में अपने नाम किया।

सिंधु ने चीन की वू लुओ यू को सीधे गेम में दी मात

इससे पहले शीर्ष वरीय स्टार शटलर पीवी सिंधु ने चीन की वू लुओ यू को सीधे गेम में 21-14, 21-16 से हरा कर तीसरी बार सैयद मोदी बैडमिंटन का खिताब जीता। सिंधु ने चिर परिचित आक्रामक शैली में खेल की शुरुआत की और शानदार स्मैश और ड्राप से प्रतिद्धंदी को असहज करने में सफलता हासिल की। हालांकि गैर वरीय यू ने सिंधु का दिलेरी से सामना किया मगर 47 मिनट तक चले मैच में सिंधु के अनुभव के आगे उन्होने घुटने टेक दिए।

त्रिशा-गायत्री ने चीन की जोड़ी को हराया

इधर, त्रिशा जौली और गायत्री गोपीचंद की दूसरी वरीय भारतीय जोड़ी ने चीन की बाओ ली जिंग और ली कियान की जोड़ी को 21-18,21-11 से हरा कर महिला युगल का खिताब अपने नाम किया। मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो की गैर वरीय भारतीय जोड़ी एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में छठी वरीय थाइलैंड की डी.पुवारानुक्रोह व सुपिसारा पेवसम्प्रान की जोड़ी से 21- 18,14-21,8-21से हार गयी। इसी तरह पुरुष युगल में भारत के साई प्रतीक व पृथ्वी कृष्णामूर्ति के.राय की जोड़ी भी चीन के हुआंग डी व लियू यांग की जोड़ी से 14-21, 21-19,71-21 से हार कर रनर अप बनी।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts