Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

केदारनाथ यात्रा रोकी :मूसलाधार बारिश के कारण यात्रियों को होल्डिंग क्षेत्रों में रुकने के निर्देश, प्रशासन अलर्ट

रुद्रप्रयाग में हो रही भारी बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा को एक बार फिर रोक दिया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में यात्रियों को बारिश रुकने तक होल्डिंग क्षेत्रों में ठहरने को कहा गया है।
मूसलाधार बारिश के कारण यात्रियों को होल्डिंग क्षेत्रों में रुकने के निर्देश, प्रशासन अलर्ट

नेशनल डेस्क। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। यात्रियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर आवाजाही पर एहतियाती नियंत्रण लागू कर दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मौसम सामान्य होने तक यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति न दी जाए। विशेष रूप से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी गई है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने के बजाय यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है।

होल्डिंग क्षेत्रों में रोके गए यात्री 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील जोनों में तैनात अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा गया है। प्रशासन ने सभी यात्रियों को निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही यात्रियों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने और मौसम की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

ये भी पढ़ें: MP Weather Update : प्री-मानसून की दस्तक… 45 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट; देवास में पानी में बही कार

राहत एवं बचाव एजेंसियां हाई अलर्ट पर  

प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मार्ग सहित जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य विभागों को उच्च स्तर की सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। ऐसे में सभी संबंधित एजेंसियों को किसी भी आपदा या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र तक पहुंचाने के लिए कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आवश्यकता पड़ने पर राहत और बचाव कार्य बिना किसी देरी के शुरू किए जा सकें।

मौसम सामान्य होने के बाद ही शुरू होगी यात्रा

जिला प्रशासन ने यात्रियों, तीर्थयात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। लोगों को अफवाहों से बचने और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक मौसम की स्थिति सामान्य होने और मार्गों को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही दोबारा शुरू की जाएगी। फिलहाल प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने आपातकालीन सहायता के लिए 8958757335 और 8218326386 नंबर जारी किए हैं।

ये भी पढ़ें: 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान: सीएम डॉ. यादव बोले- पेड़ लगाएं और प्रकृति के अनुकूल अपनाएं जीवन शैली

 

 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts