ताजा खबरराष्ट्रीय

Karnataka Election 2023 : कर्नाटक में एक बजे तक 37 फीसदी मतदान, पूर्व PM देवेगौड़ा और मल्लिकार्जुन खड़गे ने डाला वोट

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। 2614 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं, इस बार चुनाव लड़ने वालों में कई बड़े नेता भी शामिल हैं। कर्नाटक के सभी जिलों में पोलिंग स्टेशन्स पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपना वोट डालने पहुंच रहे हैं।

1 बजे तक 37.25 प्रतिशत वोटिंग हुई

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 1 बजे तक 37.25 प्रतिशत मतदान हुआ।

पूर्व पीएम देवेगौड़ा ने डाला वोट

देश के पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस प्रमुख एच.डी. देवेगौड़ा ने होलेनारसीपुरा में मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पहले एक छोटा सा गांव था, जो अब एक विकसित कस्बा बन चुका है। स्वास्थ्य, शिक्षा की सभी सुविधाएं यहां उपलब्ध कराई गई हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया मतदान

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदान करने के बाद कहा “मैं पिछले 55 सालों से पोलिंग बूथ पर मतदान कर रहा हूं। लोगों के उत्साह को देखकर मुझे लगता है कि मेरी पार्टी सत्ता में आएगी और हम बहुमत से जीतेंगे।”

2018 के चुनाव में 72.13% हुई थी वोटिंग

कर्नाटक के विधानसभा चुनावों में वोटिंग प्रतिशत बढ़ा है। 2018 के विधनसभा चुनाव में 72.13% मतदान हुआ था। इससे पहले 2013 में 70.23 फीसदी वोटिंग हुई थी। वहीं 2008 के चुनाव में 64.91 प्रतिशत मतदान हुआ था।

राज्य में 5.3 करोड़ से ज्यादा मतदाता

राज्य में 5.3 करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं, इनमें 11.71 लाख वोटर्स पहली बार मतदान करेंगे। राज्य में 2.66 करोड़ पुरुष और 2.63 करोड़ महिलाएं हैं, जबकि 5.71 लाख से ज्यादा दिव्यांग वोटर्स हैं। 80 वर्ष और उससे ज्यादा आयु के 12.15 लाख वरिष्ठ नागरिक वोट डालेंगे। 16,000 से ज्यादा मतदाता 100 साल से ज्यादा उम्र के हैं।

‘जनता पर नहीं पड़ना चाहिए महंगाई का बोझ’, बोलीं सीतारमण

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बेंगलुरु के विजय नगर में मतदान केंद्र में वोट डालने के बाद कहा,”महंगाई पर मैं जनता के साथ हूं कि हां, उन पर बोझ नहीं पड़ना चाहिए लेकिन विपक्ष को इस पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें अपने कार्यकाल को देखना चाहिए।” उन्होंने कहा कि बेंगलुरु का इंफ्रास्ट्रक्चर आने वाले दिनों में और अच्छा हो, कर्नाटक में उद्योग को और बढ़ावा मिले। इसके लिए मैंने डबल इंजन सरकार के लिए वोट डाला है।

येदियुरप्पा का दावा- भाजपा जीतेगी 130-135 सीटें

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने वोट डालने के बाद कहा कि, कर्नाटक के सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे जल्द मतदान करें। मुझे यकीन है कि वे भाजपा को वोट देंगे। विजयेंद्र को 40 हजार से ज्यादा वोट मिलने वाले हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button