ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में कांग्रेस ‘वचन पत्र’ नहीं ‘वोट वचन’ बना रही : गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर इस समय कांग्रेस का पूरा फोकस वचन पत्र पर है। इस मामले में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के ‘वचन पत्र’ की बात की जाए तो पहले एक शब्द चलता था ‘बोल वचन’ यह कमलनाथ के ‘वोट वचन’ हैं। वोट वचन का काम है जैसे कि हम बचपन में पढ़ते थे तो बहुत सारी किताबों में एक रफ किताब होती थी, उसमें जो भी कुछ बोलता था हम लिखते जाते थे। ऐसे ही कमलनाथ जी की रफ कॉपी बन रही है। जो भी बोलें, करना कुछ है नहीं। इसलिए लिखने में क्या बुराई है। सिर्फ बैठकें ही करनी है।

कांग्रेस के नेता एमपी में दिवास्वप्न देख रहे : गृह मंत्री

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के नेता मध्य प्रदेश में दिवास्वप्न देख रहे हैं। विधायकों की बगावत के चलते ही प्रदेश में पहले कांग्रेस की सरकार चली गई और आज भी वहां भगदड़ के हालात हैं। कांग्रेस के झंडा लगाओ अभियान पर गृह मंत्री ने कहा कि कमलनाथ जी का सबको पता है वे केवल आदेश ही जारी कर सकते हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता कमलनाथ का कहना ही नहीं मान रहे हैं, इसलिए पार्टी को सर्कुलर जारी करना पड़ रहा है। इस आदेश का भी कुछ नहीं होगा।

कांग्रेस के बूथ मजबूत अभियान को लेकर गृह मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि बूथ पर कार्यकर्ता है नहीं फिर बूथ को मजबूत कौन करेगा।

दिग्विजय सिंह की बैठक का निष्कर्ष कुछ नहीं

दिग्विजय सिंह की बैठक और आरोप पत्र पर गृह मंत्री ने कहा कि यह केवल बैठकें ही कर रहे हैं, इसका निष्कर्ष कुछ नहीं निकलता है। कांग्रेस साबित तो करे कि केस कौनसा झूठा है। इनके पास आरोप लगाने के अलावा है ही क्या… पिछले विधानसभा चुनाव में वचन दिया था कि किसानों का कर्ज माफ करेंगे, किसी का भी कर्ज माफ नहीं किया था। मैं कमलनाथ के गले में माला डालकर स्वागत करूंगा, अगर वो बता दें कि जो वचन उन्होंने दिया था वो पूरा हुआ हो तो, ये केवल झूठे बोलते हैं और आरोप लगाते है।

एमपी आएंगे राहुल और प्रियंका!

राहुल गांधी-प्रियंका गांधी के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दोनों भाई-बहनों ने चुनाव प्रचार किया था, तब केवल दो सीट ही मिली थी।

खंडवा में सांप्रदायिक घटना पर रासुका की कार्रवाई

खंडवा में हुई सांप्रदायिक घटना पर गृह मंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसी भी तरह की सांप्रदायिक घटना बर्दाश्त नहीं होगी। अशफाक के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जा चुकी है, उसके साथियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। आरोपियों की संपत्ति की जानकारी जुटाई जा रही है।

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button