राष्ट्रीय

ADR की रिपोर्ट : गुजरात के 40 विधायकों पर क्रिमिनल केस पेंडिंग, 29 पर हत्या की कोशिश, रेप जैसे संगीन मामले

अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा के नव निर्वाचित 182 विधायकों में से करीब 40 के खिलाफ आपाराधिक मामले चल रहे हैं। ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (ADR) और ‘गुजरात इलेक्शन वॉच’ ने यह जानकारी दी है। इन विधायकों के हलफनामों के विश्लेषण के आधार पर यह जानकारी दी गई है।

भाजपा के 20 विधायकों पर संगीन मामले

इन 40 में से 29 (कुल 182 में से 16 फीसदी) के खिलाफ संगीन मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या की कोशिश और रेप जैसे केस भी हैं। इन 29 में से 20 विधायक भारतीय जनता पार्टी (BJP), चार कांग्रेस और दो आम आदमी पार्टी (AAP) से हैं। इनके अलावा एक निर्दलीय और एक समाजवादी पार्टी विधायक पर भी संगीन मामले दर्ज होने की जानकारी हलफनामों में सामने आई है।

कांग्रेस के 53 फीसदी विधायकों पर केस पेंडिंग

एडीआर के मुताबिक, भाजपा के 156 विधायकों में से 26 (17 प्रतिशत), कांग्रेस के 17 विधायकों में से 9 (53 प्रतिशत), आप के पांच में से दो विधायक (40 प्रतिशत), तीन निर्दलीय में दो (68 फीसदी) और समाजवादी पार्टी के एकमात्र विधायक ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले लंबित होने की घोषणा की है।

2017 की तुलना में अब कम दागी

एडीआर के एनालिसिस के मुताबिक 2017 की तुलना में आपराधिक मामलों का सामना करने वाले विधायकों की संख्या में कमी आई है। पिछली विधानसभा में 47 सदस्य ऐसे थे, जिन पर आपराधिक मामले दर्ज थे। इस बार यह संख्या घटकर 40 हो गई है। एडीआर चुनाव सुधारों के लिए काम करता है। वह हर चुनाव में उम्मीदवारों द्वारा दाखिल किए गए हलफनामों का विश्लेषण करने के बाद रिपोर्ट तैयार करता है।

3 विधायकों पर हत्या, 4 पर रेप जैसे मामले

एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक इस चुनाव में जीते 3 विधायकों ने बताया है कि उनके खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में मामला दर्ज है। इनमें वांसदा से कांग्रेस विधायक अनंत पटेल, पाटन से कांग्रेस विधायक कीर्ति पटेल और ऊना से भाजपा विधायक कालूभाई राठौर शामिल हैं। 4 विजयी उम्मीदवारों ने आईपीसी की धारा 354 (यौन उत्पीड़न) या धारा 376 (रेप) के तहत महिलाओं के खिलाफ अपराधों से संबंधित मामलें दर्ज होने की जानकारी दी है। इन चार में से भाजपा के जेठा भरवाड़ के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज है जबकि कांग्रेस के जिग्नेश मेवाणी, भाजपा के जनक तलविया और आप के चैतर वसावा के खिलाफ धारा 354 के तहत मामला दर्ज है।

सातवीं बार सत्ता में आई BJP

8 दिसंबर को गुजरात विधानसभा के चुनाव नतीजे सामने आए थे। भाजपा यहां सातवीं बार लगातार सत्ता में आई है। उसने पिछली बार से 57 सीटें ज्यादा जीतकर कुल 156 सीटों पर कब्जा किया है। यहां कांग्रेस को 17 और आप को पांच सीटों पर जीत हासिल हुई।

संबंधित खबरें...

Back to top button