Mehmood Junior Passes Away : मशहूर अभिनेता जूनियर महमूद का निधन, कैंसर से हारे जंग; 67 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

मुंबई। जूनियर महमूद के नाम से मशहूर बॉलीवुड एक्टर नईम सैय्यद का निधन हो गया है। वे कई सालों से पेट के कैंसर से पीड़ित थे और यह चौथे स्टेज तक पहुंच गया था। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके बाद कल रात करीब 2 बजे मुंबई में उन्होंने अंतिम सांस ली। अपनी कॉमेडी से लोगों के चेहरों पर खुशी लाने वाले जूनियर महमूद ने 67 साल की उम्र दुनिया को अलविदा कहा। उनके दोस्त सलाम काजी ने उनके निधन की पुष्टि की है।
18 दिन पहले फोर्थ स्टेज कैंसर का चला था पता
जूनियर महमूद की फैमिली ने निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि, "हमें उनके चौथे स्टेज के पेट के कैंसर के बारे में 18 दिन पहले ही पता चला था। हम उन्हें टाटा मेमोरियल अस्पताल ले गए। जहां के डीन ने बताया कि इस स्टेज पर इलाज और कीमोथेरेपी बहुत दर्दनाक होगी। अस्पताल ने सुझाव दिया था कि हम घर पर ही उनकी देखभाल करें। उनकी सेहत लगातार खराब हो रही थी, वह कई दिनों से लाइफ सपोर्ट पर थे।" जूनियर महमूद ने मुंबई स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 12 बजे सांता क्रूज वेस्ट में किया जाएगा।











