झारखंड सड़क हादसे में राजनांदगांव के कारोबारी परिवार पर टूटा कहर,पत्नी और 2 बेटियों की मौत,9 महीने का बच्चा सुरक्षित

रायपुर: झारखंड में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के एक कारोबारी परिवार को गहरा सदमा दिया है। पश्चिमी सिंहभूम जिले में ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में परिवार की तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में कार सवार 9 महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया। परिवार धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जमशेदपुर जा रहा था।
संबंधित खबर: भंडारा हादसे पर CM साय का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार
धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था परिवार
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के एक कारोबारी परिवार के लिए झारखंड का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार नौ महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया।

रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने कार को मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर की सुबह परिवार राजनांदगांव से कार में सवार होकर जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास कथित तौर पर गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए।

संबंधित खबर: CG NEWS: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव सड़क हादसे में घायल, ट्रक से टकराई कार; झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती
पत्नी और दो बेटियों की मौत, परिवार में मातम
इस हादसे में अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) की मौत हो गई। तीनों की मौत की खबर से राजनांदगांव में परिवार और परिचितों के बीच शोक का माहौल है। हादसे में हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को बेहतर उपचार के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। वहीं, कार में मौजूद नौ महीने का बच्चा सुरक्षित बताया गया है।

हादसे के बाद ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद हाटगम्हरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।नपुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और कार को जब्त कर लिया है। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
संबंधित खबर: CG NEWS: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, दो दोस्तों की मौके पर मौत
मंगलम मोटर्स के संचालक हैं प्रदीप सिंह
घायल प्रदीप सिंह (57) राजनांदगांव में मंगलम मोटर्स के संचालक बताए गए हैं। परिवार मूल रूप से पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके परिचितों और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त है।
दो महीने पहले नए बंगले में रहने आया था परिवार
जानकारी के मुताबिक, परिवार पहले राजनांदगांव के महेश नगर में रहता था। करीब दो महीने पहले वे बनगांव स्थित अपने नए बंगले में शिफ्ट हुए थे। हाल ही में परिवार की मां भी पंजाब से यहां रहने आई थीं।
संबंधित खबर: धमतरी में चलते-चलते सड़क पर सो गया युवक, अज्ञात वाहन ने कुचला, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा
राजनांदगांव में होगा अंतिम संस्कार
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों मृतकों के पार्थिव शरीर बुधवार को राजनांदगांव लाए जाने की बात कही गई है। इसके बाद राजनांदगांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह हादसा एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बन गया है। घायल सदस्यों के उपचार और फरार ट्रक चालक की तलाश पर अब सबकी नजर है।




















