पहले ‘I Am Enough’ टैटू पोस्ट, फिर डिलीट… अली गोनी से ब्रेकअप की ओर था इशारा? जैस्मिन ने अब दिया जवाब

एंटरटेनमेंट डेस्क। टीवी एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन और एक्टर अली गोनी एक बार फिर अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर दोनों के ब्रेकअप की खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं। इसकी शुरुआत जैस्मिन की एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई, जिसमें उन्होंने अपने पहले टैटू की तस्वीर शेयर की थी। टैटू पर लिखा था- ‘I Am Enough’ यानी ‘मैं खुद में काफी हूं।’ जैस्मिन ने इस टैटू के साथ एक लंबा नोट भी लिखा था। इस पोस्ट में उन्होंने खुद को प्राथमिकता देने और प्यार के लिए खुद को बदलने से इनकार करने की बात कही थी। पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे अली गोनी के साथ उनके रिश्ते से जोड़ना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों के ब्रेकअप की अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, अब जैस्मिन ने खुद सामने आकर इन खबरों पर सफाई दी है।
जैस्मिन ने क्या कहा?
रविवार यानी 6 सितंबर को जैस्मिन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने बिना किसी का नाम लिए ब्रेकअप की खबरों पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साफ कहा कि उनकी जिंदगी में लिखी हर व्यक्तिगत या भावनात्मक बात का मतलब उनके रिश्ते में परेशानी होना नहीं है। कई बार एक महिला सिर्फ अपने बारे में बात कर रही होती है। जैस्मिन ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर पोस्ट को अलग तरीके से पेश कर लोगों का ध्यान खींचने की कोशिश की जाती है। उनके मुताबिक, कुछ मीडिया पेज ज्यादा व्यूज और अटेंशन पाने के लिए पोस्ट को तोड़-मरोड़कर पेश करते हैं और कपल की तस्वीरों का इस्तेमाल करके कहानी को अलग रूप दे देते हैं। अंत में उन्होंने हल्के अंदाज में कहा- ‘चिल करो दोस्तों।’
Laughter Chefs 3 Winner : अली गोनी और जन्नत जुबैर ने मारी बाजी, एल्विश-करण को हराकर जीती ट्रॉफी

जिस टैटू पोस्ट से शुरू हुई पूरी कहानी
ब्रेकअप की अफवाहों की सबसे बड़ी वजह जैस्मिन की वही टैटू वाली पोस्ट थी, जिसे उन्होंने बाद में डिलीट कर दिया। इस पोस्ट में उन्होंने अपने पहले टैटू की कहानी बताते हुए लिखा था कि यह टैटू उस समय की याद है, जब उन्होंने खुद को चुनने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि काफी समय तक वह खुद को उस तरह बदलने की कोशिश करती रहीं, जैसा उन्हें लगता था कि प्यार पाने के लिए जरूरी है। जैस्मिन ने लिखा था कि वह खुद को अलग-अलग तरीकों से बदलती रहीं, खुद को सीमित करती रहीं और उस इंसान जैसा बनने की कोशिश करती रहीं, जिसे प्यार करना आसान समझा जाए। इसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि खुद को बदलने की कोशिश में उन्होंने अपने सबसे जरूरी रिश्ते को ही पीछे छोड़ दिया- खुद के साथ अपने रिश्ते को।
अली गोनी से शादी के बाद धर्म बदलेंगी जैस्मिन भसीन...? एक्ट्रेस ने किया खुलासा

आखिर जैस्मिन ने टैटू क्यों बनवाया?
‘आई एम इनफ’ टैटू का सीधा संदेश खुद को स्वीकार करने और अपनी पहचान को महत्व देने से जुड़ा था। जैस्मिन का कहना था कि किसी दूसरे व्यक्ति का प्यार पाने के लिए खुद को खो देना सही नहीं है। उनकी पोस्ट में आत्मसम्मान, खुद को स्वीकार करने और अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जीने की बात थी। लेकिन सोशल मीडिया पर इस संदेश को उनके रिश्ते से जोड़कर देखा जाने लगा। यही वजह है कि बाद में जैस्मिन को सामने आकर यह स्पष्ट करना पड़ा कि हर व्यक्तिगत पोस्ट का मतलब ब्रेकअप या रिश्ते में परेशानी नहीं होता।

कैसे शुरू हुई थी जैस्मिन और अली की कहानी?
जैस्मिन भसीन और अली गोनी की पहली मुलाकात साल 2018 में रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 9’ के दौरान हुई थी। शो की शूटिंग अर्जेंटीना में हुई थी। इसी दौरान दोनों की दोस्ती मजबूत हुई। शुरुआत में दोनों एक-दूसरे के अच्छे दोस्त थे। बाद में यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। साल 2020 में दोनों ‘बिग बॉस 14’ में साथ नजर आए। शो के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते और एक-दूसरे के लिए अपनी भावनाओं को खुलकर स्वीकार किया। इसके बाद से जैस्मिन और अली को टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल्स में गिना जाता है।
दोनों अक्सर क्यों रहते हैं चर्चा में?
जैस्मिन और अली की जोड़ी सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय है। दोनों अक्सर साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हैं। उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर फैंस की दिलचस्पी भी काफी ज्यादा रहती है। इसी वजह से जब जैस्मिन ने ‘आई एम इनफ’ वाला टैटू शेयर किया और बाद में पोस्ट डिलीट कर दी, तो सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसे रिश्ते में बदलाव का संकेत माना, जबकि कुछ ने इसे जैस्मिन की व्यक्तिगत सोच और आत्मसम्मान से जोड़कर देखा।
अब क्या है पूरा मामला?
फिलहाल जैस्मिन ने ब्रेकअप की अफवाहों को लेकर अपनी तरफ से सफाई दे दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनकी हर व्यक्तिगत पोस्ट को उनके रिश्ते से जोड़कर न देखा जाए। उनकी प्रतिक्रिया से इतना साफ है कि वह अपनी पोस्ट को लेकर की जा रही अटकलों से खुश नहीं हैं। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया पेजों पर भी सवाल उठाया कि सिर्फ व्यूज और अटेंशन के लिए किसी की निजी बात को अलग अर्थ देना सही नहीं है।



















