
दुबई। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ का 79 साल की उम्र में निधन हो गया। स्थानीय मीडिया यह जानकारी दी। मुशर्रफ लंबे समय से बीमार चल रहे थे और संयुक्त अरब अमीरात के अमेरिकी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक अमाइलॉइडोसिस बीमारी से जूझ रहे थे। परवेज मुशर्रफ 20 जून 2001 से 18 अगस्त 2008 तक पाकिस्तान के राष्ट्रपति रहे।
سابق صدر جنرل (ر) پرویز مشرف انتقال کرگئے
مزید پڑھیے: https://t.co/zGzwyh8ueM pic.twitter.com/X38n7KxzE8— Geo News Urdu (@geonews_urdu) February 5, 2023
दिल्ली में हुआ था परवेज मुशर्रफ का जन्म
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और सेना प्रमुख परवेज मुशर्रफ का जन्म 11 अगस्त 1943 को दिल्ली के दरियागंज इलाके में हुआ था। 1947 में विभाजन के महज कुछ दिन पहले ही उनके परिवार ने पाकिस्तान जाने का फैसला किया। उनके पिता सईद ने पाकिस्तान सरकार के लिए काम करना शुरू किया और विदेश मंत्रालय के साथ जुड़े।
भारत के खिलाफ युद्ध की साजिश रची
1949 में उनके पिता का पाकिस्तान से तुर्की में तबादला हो गया। 1957 में इनका पूरा परिवार फिर पाकिस्तान लौट आया। साल 1998 में परवेज मुशर्रफ जनरल बने और भारत के खिलाफ कारगिल जैसे युद्ध की साजिश रची। अपनी जीवनी ‘इन द लाइन ऑफ फायर – अ मेमॉयर’ में जनरल मुशर्रफ ने लिखा कि उन्होंने कारगिल पर कब्जा करने की कसम खाई थी। लेकिन नवाज शरीफ की वजह से वो ऐसा नहीं कर पाए।
मुशर्रफ को मिली थी फांसी की सजा
1999 से 2008 तक पाकिस्तान पर शासन करने वाले 78 वर्षीय जनरल मुशर्रफ पर उच्च राजद्रोह का आरोप लगाया गया था। पाकिस्तान में 3 नवंबर, 2007 को इमरजेंसी लगाने और और दिसंबर 2007 के मध्य तक संविधान को निलंबित करने के जुर्म में उनपर दिसंबर 2013 में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुशर्रफ को 31 मार्च, 2014 को दोषी ठहराया गया था। 2019 में संविधान को निलंबित करने के लिए मौत की सजा दी गई थी।
पाकिस्तान की कोर्ट ने मई 2016 में देशद्रोह के आरोपों का सामना कर रहे परवेज मुशर्रफ को भगोड़ा घोषित किया था। जिसके बाद वे दुबई चले गए थे।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में विकिपीडिया ब्लॉक: ईशनिंदा कंटेंट नहीं हटाने पर कार्रवाई, दिया था 48 घंटे का अल्टीमेटम
क्या है अमाइलॉइडोसिस नाम की बीमारी
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के परिवार ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए कहा था कि वे अमाइलॉइडोसिस नाम की बीमारी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उनके सभी अंगों ने काम करना बंद कर दिया है।
इस बीमारी में इंसान के शरीर में अमाइलॉइड नाम का असामान्य प्रोटीन बनने लगता है। जो दिल, किडनी, लिवर, नर्वस सिस्टम, दिमाग आदि अंगों में जमा होने लगता है। इसी वजह से इन अंगों के टिशूज सही से काम नहीं कर पाते।