ताजा खबरराष्ट्रीय

जम्मू में सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से फिर फायरिंग, घायल हुए BSF जवान की मौत, तीन हफ्ते में तीसरी बार किया सीजफायर का उल्लंघन

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की ओर से बार-बार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। गुरुवार सुबह भी पाकिस्तान की ओर से फायरिंग हुई। जम्मू संभाग के सांबा सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बने नयनपुर पोस्ट पर हुई फायरिंग में BSF का एक जवान घायल हो गया। जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। ये तीन हफ्ते में तीसरी बार है जब पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है।

BSF जवान की इलाज के दौरान मौत

अधिकारी के मुताबिक, सांबा में सीमा चौकियों को निशाना बनाकर की गोलीबारी गई। जम्मू में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा पिछले 24 दिनों में संघर्ष-विराम उल्लंघन की तीसरी घटना है। गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया, जिसे पहले एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद उसे जम्मू के जीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बीएसएफ ने एक बयान में कहा, ”आठ-नौ नवंबर 2023 की दरमियानी रात के दौरान, पाकिस्तान रेंजर्स ने रामगढ़ क्षेत्र में बिना उकसावे के गोलीबारी की, जिसका बीएसएफ जवानों ने माकूल जवाब दिया।”

तीन हफ्ते में तीसरी बार सीजफायर का उल्लंघन

ये तीन हफ्ते में तीसरी बार है जब पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है।

  • पहली बार : 17 अक्टूबर को पाक रेंजर्स की तरफ से फायरिंग की गई थी। अरनिया सेक्टर में पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी में दो BSF जवान घायल हो गए थे।
  • दूसरी बार : 28 अक्टूबर को पाकिस्तान रेंजर्स ने सीमा पर लगभग सात घंटे तक भारी गोलीबारी की थी। जम्मू के अरनिया और सुचेतगढ़ सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर्स की फायरिंग में एक महिला और बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए थे।
  • तीसरी बार : 8-9 नवंबर की दरमियानी रात सांबा जिले में रामगढ़ सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बने नयनपुर पोस्ट पर गोलीबारी हुई। जिसमें घायल हुए BSF के एक जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई।
  • अधिकारियों के मुताबिक, 25 फरवरी 2021 को दोनों पक्षों के संघर्ष-विराम समझौते पर दस्तखत करने के बाद से यह उल्लंघन की छठी घटना है।

भारत-पाक के बीच 2021 में युद्धविराम का समझौता हुआ

भारत और पाकिस्तान ने 25 फरवरी, 2021 को युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। दोनों देशों ने घोषणा की कि वे जम्मू-कश्मीर और अन्य क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा (LOC) पर युद्धविराम पर सभी समझौतों का सख्ती से पालन करेंगे।

2020 में लगभग 5,000 युद्धविराम उल्लंघन या सीमा पार से गोलीबारी की घटनाएं हुईं। जिसकी वजह से कई मौतें हुईं। इस साल फरवरी में दोनों देशों द्वारा संघर्ष विराम की घोषणा तीसरे वर्ष में प्रवेश कर गई थी। भारत और पाकिस्तान ने शुरुआत में 2003 में युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन पाक ने अक्सर समझौते का उल्लंघन किया। 2020 में 5,000 से अधिक उल्लंघन दर्ज किए गए- जो एक वर्ष में सबसे अधिक हैं। 2021 में युद्धविराम की घोषणा से पहले, पाकिस्तान ने एलओसी और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी की थी।

शोपियां मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर

शोपियां के कथोहलान इलाके में बुधवार देर रात सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के एक आतंकी को ढेर कर दिया। मारे गए आतंकी के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर : पाकिस्तान ने LOC पर किया सीजफायर का उल्लंघन, अरनिया सेक्टर में की फायरिंग; BSF के दो जवान घायल

संबंधित खबरें...

Back to top button