क्रिकेटखेलताजा खबर

IPL 2024 : MI vs DC : होम ग्राउंड में मुंबई ने दर्ज की सीरीज की पहली जीत, दिल्ली को 29 रनों से हराया, शेफर्ड की तूफानी पारी ने मोह लिया दर्शकों का मन, आखिरी ओवर में जड़े 32 रन

स्पोर्ट्स डेस्क। रविवार को IPL में डबल हैडर के पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में 29 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के बल्लेबाजों ने 5 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाते हुए दिल्ली के सामने 235 रनों का पहाड़ सा लक्ष्य रखा था। इसे चेज करते हुए दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर केवल 205 रन ही बना सकी और मुकाबला 29 रनों से हार गई। ये सीरीज में अपने चौथे मैच में मुंबई की पहली जीत है। अब अंक तालिका में मुंबई की टीम इस एकमात्र जीत से आठवें स्थान पर आ गई है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स सबसे नीचे दसवें नंबर पर जा पहुंची है।

तेजतर्रार रही मुंबई की शुरुआत, अंत में शेफर्ड का तूफान

मुंबई की तरफ से ओपनिंग करने आए रोहित शर्मा और ईशान किशन ने पारी की तेज शुरुआत की। रोहित और ईशान के बीच पहले विकेट के लिए 80 रनों की पार्टनरशिप हुई। रोहित ने महज 27 बॉल में 49 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं, चोट से उभरने के बाद टीम में लौटे सूर्य कुमार यादव बगैर खाता खोले आउट होकर पवेलियन लौट गए। जिसके बाद अक्षर पटेल ने ईशान किशन को भी चलता किया। ईशान ने 23 गेंदों में 42 रनों की धुआंधार पारी खेली। इसके बाद मैदान पर आए मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टिम डेविड के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और तेज गति से रन बनाना शुरु किए। अंत में क्रीज पर आए रोमारियो शेफर्ड ने अपनी छोटी सी नाबाद पारी से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

शेफर्ड ने अंतिम 6 गेंदों पर जड़ीं 6 बाउंड्री

आखिरी ओवर में शेफर्ड की तूफानी पारी की बदौलत मुंबई ने दिल्ली के सामने 235 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया। शेफर्ड ने नॉर्किया के अंतिम ओवर में सभी गेंदों पर बाउंड्री जड़ी। उन्होंने 6 गेंदों में 4 छक्के और 2 चौके की मदद से 32 रन बनाए। मुंबई की टीम ने 20 ओवर के बाद 234 रन बनाए। डेविड 21 बॉल में 45 और शेफर्ड केवल 10 गेंदे में तूफानी 39 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों ने मिलकर आखिरी 2 ओवर्स में 51 रन जड़ दिए। दिल्ली की ओर से गेंदबाजी करते हुए अक्षर पटेल और नॉर्किया ने 2-2 विकेट झटके।

कश्मकश भरे मुकाबले में हारी दिल्ली

इस विशालकाय स्कोर का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम की शुरुआत तेज भी तेज रही। उनके ओपनर पृथ्वी शॉ ने शानदार अंदाज में 40 गेंदों पर 66 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के जमाए। शॉ के अलावा दिल्ली के लिए उम्मीद की किरण बने ट्रिस्टन स्टब्स। उन्होंने भी ताबड़तोड़ अंदाज में महज 25 गेंदों पर 7 छक्कों और 3 चौको की मदद से 75 रन बनाकर एक समय अपनी टीम को टक्कर में पहुंचा दिय़ा। लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। पिछली दो पारियों में फिफ्टी जमाने वाले दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत महज 1, अक्षर पटेल केवल 8 रन पर आउट हो गए। मुंबई की गेंदबाजी के सूत्रधार रहे एक बार फिर जसप्रीत बुमराह, जिन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में महज 22 रन देकर 2 विकेट लिए। हालांकि मुंबई के लिए सबसे ज्यादा विकेट लिए गैरेड कोएत्जे ने उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर दिल्ली के मध्य और निचले क्रम को तहस नहस कर दिया। दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर केवल 205 रन ही बना सकी और मुकाबला 29 रनों से हार गई।

ये भी पढ़ें-बटलर के नाबाद शतक से राजस्थान ने बेंगलुरू को 6 विकेट से हराया

संबंधित खबरें...

Back to top button