इंदौर से सीधे बैंकॉक! अक्टूबर में उड़ान भरने की तैयारी, हफ्ते में 3 दिन मिलेगी इंटरनेशनल फ्लाइट

इंदौर। इंदौर से थाईलैंड जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबर सामने आ रही है। इंदौर एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की तैयारी चल रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस अक्टूबर के अंत से लागू होने वाले विंटर शेड्यूल में यह सेवा शुरू कर सकती है। हालांकि एयरलाइन की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उड़ान को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचने की जानकारी सामने आई है। प्रस्तावित योजना के मुताबिक शुरुआत में सप्ताह में तीन दिन इंदौर-बैंकॉक उड़ान संचालित की जा सकती है। यात्रियों की प्रतिक्रिया अच्छी रहने पर आगे इसे ज्यादा दिनों तक संचालित करने पर भी विचार किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली सत्य निकेतन हादसा: मालिक हरिराम बंसल हिरासत में, भिवाड़ी से पकड़ा गया; अब तक 7 की मौत
लंबे समय से चल रही थी सीधी उड़ान की मांग
ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस लंबे समय से इंदौर से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की योजना पर काम कर रही है। उनके अनुसार, मुख्यालय स्तर पर अक्टूबर के अंत से सेवा शुरू करने को लेकर सहमति बनने की जानकारी है। एयरलाइन जल्द ही उड़ान की औपचारिक घोषणा करने के साथ बुकिंग भी शुरू कर सकती है। शुरुआती चरण में उड़ान सप्ताह में तीन दिन संचालित होने की संभावना है। यदि यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है तो भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
ये भी पढ़ें: करोड़पति ऐसे संभालते हैं अपना पैसा, आप भी जानिए ये 7 मनी रूल्स
अब नहीं बदलना पड़ेगा विमान
फिलहाल इंदौर से बैंकॉक जाने वाले यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ती है। इसमें यात्रियों को न सिर्फ अतिरिक्त समय लगता है, बल्कि कई बार किराया भी बढ़ जाता है। सीधी उड़ान शुरू होने के बाद इंदौर और आसपास के शहरों के यात्रियों को बिना किसी दूसरे एयरपोर्ट पर विमान बदले सीधे बैंकॉक पहुंचने की सुविधा मिल सकेगी। इससे यात्रा का समय कम होने के साथ किराए में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: गड्ढे, धुआं और जाम बेहिसाब:फिर भी इंदौर को ‘स्वच्छ वायु’ का अवॉर्ड!
इंदौर की दूसरी सीधी इंटरनेशनल फ्लाइट होगी
एयर इंडिया एक्सप्रेस पहले से ही इंदौर से अबूधाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालित कर रही है। बैंकॉक सेवा शुरू होने के बाद यह इंदौर एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की दूसरी सीधी अंतरराष्ट्रीय सेवा होगी। एयरलाइन भारत के कई शहरों को थाईलैंड से जोड़ रही है। ऐसे में इंदौर से बैंकॉक की सीधी कनेक्टिविटी एयरलाइन के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को भी मजबूत करेगी।
ये भी पढ़ें: 36 हजार फीट की ऊंचाई से वापस लौटी Air India Express की फ्लाइट, बंद करना पड़ा नंबर-1 इंजन, जानें क्या थी वजह
पर्यटन को मिलेगा नया पंख
थाईलैंड भारतीय पर्यटकों के बीच लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों में शामिल है। बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से इंदौर के साथ पूरे मालवा और आसपास के क्षेत्रों से थाईलैंड जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। कनेक्टिंग फ्लाइट में लगने वाला अतिरिक्त समय बचने से वीकेंड या छोटी अवधि की विदेश यात्रा की योजना बनाने वालों के लिए भी बैंकॉक जाना आसान हो सकता है। इसका फायदा होटल, ट्रैवल एजेंसी और पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी मिलने की संभावना है।
















