दिल्ली सत्य निकेतन हादसा: मालिक हरिराम बंसल हिरासत में, भिवाड़ी से पकड़ा गया; अब तक 7 की मौत

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के बाद इमारत के कथित मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने पकड़ लिया है। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इमारत के कथित मालिक हरिराम बंसल को भिवाड़ी से हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब उससे हादसे और इमारत से जुड़े दस्तावेजों को लेकर पूछताछ कर रही है।
12 लोगों को मलबे से निकाला गया
दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने के हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। रेस्क्यू टीम ने अब तक मलबे से 12 लोगों को बाहर निकाला है। इनमें से 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
5 घायलों की हुई पहचान
अस्पताल ले जाए गए 12 लोगों में से अब तक 5 की पहचान हो सकी है। 30 वर्षीय असर अली की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, 30 वर्षीय कृष्णा को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

नीरज और आदित्य की हालत क्रिटिकल
19 वर्षीय नीरज बावा और 19 वर्षीय आदित्य कुमार की हालत भी गंभीर बनी हुई है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, 19 वर्षीय नितीश चिब की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।
7 मृतकों की पहचान अब तक नहीं
हादसे में जान गंवाने वाले 7 लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रशासन और पुलिस की ओर से मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, मलबे में किसी और के फंसे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
सत्य निकेतन में इमारत गिरने के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया था। अब पुलिस हादसे की वजह और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।




















