1.62 करोड़ की साइबर ठगी का शिकार हुईं अंतरराष्ट्रीय अश्वारोही:साइबर सेल ने पूरी रकम कराई वापस

इंदौर। अंतरराष्ट्रीय अश्वारोही सुदीप्ती हजेला के साथ 1 करोड़ 62 लाख रुपये की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विदेशी साइबर ठगों ने ई-मेल स्पूफिंग (फर्जी ई-मेल) और फर्जी बैंक खाते का इस्तेमाल कर घोड़ा खरीदने के लिए भेजी गई रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। हालांकि राज्य साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से पूरी राशि फ्रीज कराकर सुदीप्ती के बैंक खाते में वापस जमा करा दी गई।
ये भी पढ़ें: गुजरात ATS ने देवास से संदिग्ध युवक उठाया जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं तार ?
राज्य साइबर सेल के एसपी सव्यसाची सराफ के अनुसार, इस मामले की शिकायत सुदीप्ती की बहन विधि हजेला ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुदीप्ती आगामी एशियन गेम्स-2026 की तैयारी कर रही हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के ड्रेसाज घोड़े 'बाइडेन' की खरीद के लिए विदेशी कंपनी हेलगस्ट्रैंड ड्रेसाज से अनुबंध किया था।
मार्च में हुए अनुबंध के तहत घोड़े की कीमत का 45 प्रतिशत भुगतान कंपनी के अधिकृत खाते में कर दिया गया था। इसके बाद 29 मई को कंपनी के संचालक एंड्रियास हेलगस्ट्रैंड के नाम से एक फर्जी ई-मेल भेजा गया, जिसमें तकनीकी कारणों का हवाला देकर बैंक खाता बदलने की सूचना दी गई। ई-मेल पूरी तरह वास्तविक प्रतीत होने के कारण शेष 1.62 करोड़ रुपये नए खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
ये भी पढ़ें: इंजन, माइलेज, पानी और प्रदूषण... E20 पेट्रोल पर सरकार का फैक्ट चेक, 10 बड़े दावों की बताई सच्चाई
बाद में पता चला कि यह ई-मेल और बैंक खाता दोनों फर्जी थे और साइबर अपराधियों ने ई-मेल स्पूफिंग के जरिए कंपनी की पहचान का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। शिकायत मिलते ही राज्य साइबर सेल ने संबंधित विदेशी बैंक और अन्य एजेंसियों से तत्काल संपर्क कर संदिग्ध खाते फ्रीज करवा दिए। समय रहते कार्रवाई होने से पूरी राशि दूसरे खातों में ट्रांसफर होने से बच गई और बाद में 1.62 करोड़ रुपये सुदीप्ती के एचडीएफसी बैंक खाते में वापस जमा करा दिए गए।
ये भी पढ़ें: 7 दिन चलेगा खामेनेई का अंतिम संस्कार : 100 से ज्यादा देशों के नेता शामिल, तेहरान से मशहद तक निकलेगी अंतिम यात्रा
करीब चार करोड़ रुपये का है 'बाइडेन' घोड़ा
सुदीप्ती जिस 'बाइडेन' नामक घोड़े को खरीद रही थीं, वह अंतरराष्ट्रीय स्तर का ड्रेसाज स्पोर्ट्स हार्स है। नौ वर्षीय इस घोड़े की कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसकी मां ओलंपिक स्तर की घोड़ी रह चुकी है, जबकि पिता विश्व चैंपियन रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार घोड़े की ब्लड लाइन, प्रशिक्षण, प्रदर्शन क्षमता और मानसिक संतुलन के कारण इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी मांग है।
ये भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में बगावत के सुर! चन्नी गुट ने खोला मोर्चा, क्या हटेंगे राजा वड़िंग?
पहले भी लौटाए थे 3.75 करोड़ रुपये
साइबर सेल अधिकारियों के मुताबिक हजेला परिवार इससे पहले भी बिजनेस ई-मेल कॉम्प्रोमाइज (BEC) फ्रॉड का शिकार हो चुका है। नवंबर-दिसंबर 2025 में भी राज्य साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई कर 3.75 करोड़ रुपये वापस दिलाए थे। उस मामले की शिकायत सुदीप्ती के पिता मुकेश हजेला ने दर्ज कराई थी।
ये भी पढ़ें: MP News : 18 साल बाद भी भिंड जेल अधूरी, लागत 9 से बढ़कर 33 करोड़ रुपए हुई
साइबर सेल की सलाह
साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि बड़े वित्तीय लेन-देन से पहले ई-मेल आईडी और बैंक खाते की आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें। केवल ई-मेल के आधार पर बैंक खाता बदलने जैसे निर्देशों पर भरोसा न करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।












