
मुंबई। 2024 में भारतीय बॉक्स ऑफिस ने 11,833 करोड़ रुपए की कमाई की है, जो अब तक का दूसरा सबसे अच्छा साल है। लेकिन यह 2023 के 12,226 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड से कम है। पिछले कुछ सालों में भारतीय फिल्म बिजनेस में कई बदलाव आए हैं। हिंदी सिनेमा की कमाई 2023 की तुलना में घट गई है।
घट गए हिंदी सिनेमा के दर्शक
2023 में हिंदी फिल्मों की कमाई 5,380 करोड़ थी, जो 2024 में घटकर 4,679 करोड़ रुपए हो गई। इसका बॉक्स ऑफिस हिस्सा 40 फीसदी रह गया, जो 4 फीसदी कम है, और इसमें से 31 फीसदी कमाई दक्षिण भारतीय फिल्मों के हिंदी डब संस्करणों से आई है। हिंदी फिल्मों के दर्शक भी 16 फीसदी घटकर 23 करोड़ हो गए, जो महामारी से पहले के स्तर से काफी कम है। हालांकि, फिल्मों जैसे ‘पुष्पा 2: द रूल (हिंदी)’ और ‘स्त्री 2’ ने 1,587 करोड़ रुपए की कमाई की, जिससे बड़े बजट की फिल्मों पर दर्शकों का भरोसा बना रहा।
2024 में मलयालम सिनेमा का शानदार प्रदर्शन
2024 में मलयालम सिनेमा ने शानदार प्रदर्शन किया। इसका बॉक्स ऑफिस शेयर 2023 के 5% से बढ़कर 10% हो गया और यह पहली बार 1,000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। हिट फिल्मों जैसे ‘मंजुम्मेल बॉयज’ और ‘आवेशम’ की वजह से दर्शकों की संख्या में 88% की बढ़ोतरी हुई। ‘मंजुम्मेल बॉयज’ ने मलयालम सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने का रिकॉर्ड बनाया। इस फिल्म ने 150 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया। तमिल सिनेमा ने लगातार तीसरे साल 1,500 करोड़ से ज्यादा की कमाई की, हालांकि 2023 की तुलना में इसमें 7% की गिरावट आई। दर्शकों की संख्या महामारी से पहले के स्तर से कम रही, और केवल तीन तमिल फिल्में ही 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर पाईं। हालांकि, मिड-रेंज प्रोडक्शन्स ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा योगदान दिया।
तेलुगु सिनेमा के दर्शकों की संख्या में गिरावट
2024 में तेलुगु सिनेमा ने घरेलू स्तर पर अपनी अब तक की सबसे बड़ी कमाई की। इसने लगातार तीसरे साल 2,000 करोड़ रुपए से अधिक का कलेक्शन किया। हालांकि दर्शकों की संख्या में 12% की गिरावट आई। लेकिन उच्च औसत टिकट कीमत (एटीपी) की वजह से यह वृद्धि संभव हो पाई। ‘पुष्पा 2: द रूल’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ तेलुगु सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रहीं।
200 करोड़ का आंकड़ा पार नहीं कर पाई हॉलीवुड फिल्म
इसके साथ हॉलीवुड फिल्मों ने 2024 में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई। उनका कलेक्शन 17% कम होकर 1,000 करोड़ रुपए से नीचे चला गया। दर्शकों की संख्या केवल 3.8 करोड़ रही। इसके साथ लगातार दूसरे साल कोई भी हॉलीवुड फिल्म 200 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। वहीं गुजराती सिनेमा ने 66% की बढ़ोतरी देखी गई और पहली बार 80 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया।
केवल तीन कन्नड़ फिल्में कर पाई 25 करोड़ का आंकड़ा पार
2024 में झमकुड़ी जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म ने 20 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की, लेकिन कन्नड़ सिनेमा को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। केवल तीन कन्नड़ फिल्में ही 25 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर सकें।
वहीं पंजाबी सिनेमा में 14% की गिरावट आई, जबकि मराठी सिनेमा का राजस्व 200 करोड़ रुपए से कम हो गया। दूसरी ओर, बंगाली सिनेमा में मामूली वृद्धि दर्ज हुई, लेकिन दर्शकों की संख्या स्थिर रही।
सभी भाषाओं के औसत टिकट कीमत (एटीपी) में 3% की बढ़ोतरी के साथ यह 134 रुपए हो गई। हालांकि, कुल दर्शकों की संख्या में 6% की गिरावट से यह स्पष्ट है कि बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़ाने के लिए टिकट की बढ़ी कीमतों पर अधिक निर्भरता हो रही है।