ग्वालियरमध्य प्रदेश

ग्वालियर सभापति की सीट पर BJP का कब्जा, मनोज तोमर ने 1 वोट से जीता चुनाव

ग्वालियर नगर निगम परिषद बीजेपी के खाते में चली गई है। बीजेपी को पार्षदों की बाड़ाबंदी रास आ गई है। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के खास पार्षद मनोज तोमर ने कांग्रेस की उम्मीदवार लक्ष्मी सुरेश गुर्जर को 1 वोट से हराकर सभापति का चुनाव जीत लिया है।

चुनाव में 66 पार्षदों ने वोट डाले। जिसमें भाजपा के मनोज तोमर को 34 वोट मिले हैं, जबकि 33 वोट कांग्रेस लक्ष्मी सुरेश गुर्जर के पास आए हैं। इनमें से एक वोट कांग्रेस मेयर का भी है। भाजपा को वही वोट मिले हैं जो उनके प्रत्याशी जीते थे। सारे निर्दलीय आखिर में कांग्रेस की तरफ चले गए हैं। कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने सभापति पद पर मनोज सिंह तोमर को निर्वाचित घोषित किया है।

क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस को होता फायदा

सभापति भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर है, लेकिन पार्षद संख्या को देखते हुए भाजपा का पलड़ा भारी शुरू से ही भारी नजर आ रहा था। पर क्रॉस वोटिंग होती तो कांग्रेस को फायदा हो सकता था, लेकिन कांटे की टककर में भाजपा ने एक वोट से कांग्रेस को मात दे दी है। भाजपा शपथ ग्रहण समारोह के बाद ही अपने सभी पार्षदों को लेकर दिल्ली रवाना हो गई थी। तत्काल उनकी बाड़ाबंदी की राजनीति सफल होते नजर आ रही है।

क्रॉस वोटिंग के डर से गुरुवार रात को दिल्ली और ओरछा से भाजपा-कांग्रेस के पार्षद ग्वालियर पहुंचे हैं। सभी को अलग-अलग होटल में रखा गया। वे सीधे परिषद पहुंचे।

भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवार

मनोज तोमर वार्ड-55 से भाजपा से जीते हैं। दो बार पार्षद रह चुके हैं। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के खास हैं। लक्ष्मी सुरेश गुर्जर वार्ड-27 से कांग्रेस से जीती हैं। यह पहली बार जीती हैं, उन्होंने भाजपा के दो बार से पार्षद धर्मेन्द्र राणा समर्थक उनकी भतीजी को हराकर सिर्फ 12 वोट से जीत दर्ज की थी।

कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी ग्वालियर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया कि अध्यक्ष (स्पीकर) का चुनाव मध्य प्रदेश नगर पालिका निगम अध्यक्ष (स्पीकर) का निर्वाचन नियम 1998 के अनुसार हो रहा है।

चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा

सभापति चुनाव बहुत पेचीदा होने के चलते जलविहार परिषद से लेकर पार्षदों के होटलों तक लगभग 200 जवान व अफसर तैनात किए गए हैं। जलविहार स्थित परिषद के हर गेट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। जिससे यहां उत्साह या निराशा में कोई भी प्रदर्शन हो तो उसे तत्काल काबू में किया जा सके।

ये भी पढ़ें: डबरा नगर पालिका में BJP की लक्ष्मी देवी बनीं अध्यक्ष, इमरती देवी की समर्थक को मिली जीत

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button