गूगल पर डॉक्टर का नंबर सर्च करना पड़ा भारी! फर्जी लिंक से उड़ाए रुपए, क्राइम ब्रांच ने लौटाई पूरी रकम

इंदौर। डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर नंबर सर्च करना एक महिला को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने फर्जी नंबर के जरिए महिला को अपने जाल में फंसाया और अपॉइंटमेंट बुकिंग के नाम पर भेजी गई लिंक के माध्यम से उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। राहत की बात यह रही कि शिकायत मिलते ही इंदौर क्राइम ब्रांच की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता की पूरी रकम वापस करा दी।
ये भी पढ़ें: नशे की लत और कर्ज चुकाने के लिए बन गया ऑटो चोर! चार थानों से उड़ाए तीन पहिया वाहन
गूगल पर मिला फर्जी नंबर
इंदौर निवासी महिला बॉम्बे हॉस्पिटल में डॉक्टर राठी से अपॉइंटमेंट लेना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने गूगल पर डॉक्टर और अस्पताल का संपर्क नंबर तलाशा। सर्च के दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को अस्पताल का असिस्टेंट बताया। आरोपी ने महिला को भरोसे में लेकर डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक करने की बात कही और इसके लिए एक लिंक भेज दी।
ये भी पढ़ें: भाई को बचाने एक के बाद एक कुंड में कूदीं 3 बहनें, चारों की डूबने से मौत; राजस्थान में दर्दनाक हादसा
लिंक पर क्लिक करते ही खाते से निकले रुपए
महिला ने अपॉइंटमेंट बुकिंग की प्रक्रिया समझकर लिंक पर क्लिक कर दिया। आरोप है कि इसके बाद साइबर ठगों ने उसके मोबाइल और डिजिटल बैंकिंग तक अनधिकृत पहुंच बना ली। कुछ ही समय में महिला के बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से एक लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ।
ये भी पढ़ें: नाबालिग से यौन शोषण के आरोप में उद्योगपति समेत 3 गिरफ्तार, किराए के घर से सामने आया मामला
1930 पर शिकायत के बाद मिली राहत
पीड़िता ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही साइबर क्राइम पोर्टल पर भी मामले की जानकारी दी गई। शिकायत मिलते ही क्राइम ब्रांच इंदौर की साइबर टीम सक्रिय हुई। टीम ने संबंधित बैंक और वित्तीय संस्थानों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। त्वरित समन्वय के बाद ठगी की गई पूरी एक लाख रुपये की राशि पीड़िता को रिफंड करा दी गई।
ये भी पढ़ें: चाकू की नोक पर महिला अधिकारी से दुष्कर्म का आरोप
पुलिस की अपील
क्राइम ब्रांच ने आम लोगों से अपील की है कि गूगल सर्च में दिखाई देने वाले किसी भी मोबाइल नंबर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने या किसी संस्था से संपर्क करने के लिए केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित संपर्क माध्यमों का ही उपयोग करें।




















