
स्पोर्ट्स डेस्क। वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम का विजय अभियान जारी है। भारत ने रविवार को एकतरफा मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 243 रन से हराकर वनडे वर्ल्ड कप में लगातार 8वीं जीत दर्ज की है। इसके साथ ही भारत ने पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर फिनिश करना भी तय कर लिया है। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना अंक तालिका में चौथे नंबर पर रहने वाली टीम से होगा। भारत ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
कोहली का विराट “शतक”, फिर जडेजा का “पंच”
पहले खेलते हुए भारत की तरफ से किंग कोहली ने अपने 35वें जन्मदिन पर ऐतिहासिक शतक लगाया। प्लेयर ऑफ दे मैच बने कोहली ने 121 गेंदों पर 101 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के वनडे में सबसे ज्यादा शतक के वर्ल्ड रिकॉर्ड बराबरी कर ली है। कोहली बर्थडे पर वर्ल्ड कप सेंचुरी जमाने वाले भारत के पहले और दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने हैं। बाद में गेदबाजी करते हुए भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को केवल 83 रनों पर समेट दिया।इस मैच में शानदार बॉलिंग करते हुए भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 9 ओवर में 33 रन देकर पांच विकेट लिए।
20 का आंकड़ा नहीं छू सका एक भी अफ्रीकी बल्लेबाज
कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने टीम ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 326 रन बनाए। अफ्रीकी टीम को 327 रनों का टारगेट मिला था। इसके जवाब में पूरी टीम 27.1 ओवरों में ही 83 रनों पर सिमट गई और 243 रनों से मैच गंवा दिया। अफ्रीकी टीम का कोई भी बल्लेबाज 20 रनों का आंकड़ा नहीं छू सका। जबकि भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा ने 5 विकेट लिए। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज को भी एक विकेट मिला।
20 साल बाद भारत की वर्ल्डकप में लगातार 8 जीत
भारत ने 20 साल बाद किसी वर्ल्ड कप में लगातार आठ मैच जीते हैं। इससे पहले टीम इंडिया ने 2003 वर्ल्ड कप में 8 मैच एक के बाद एक जीते थे। वहीं वनडे इतिहास में रनों के लिहाज से साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम की यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने साउथ अफ्रीकी टीम को 153 रनों से हराया था। इस बार भारतीय टीम ने इन सभी रिकॉर्ड्स को तोड़ते हुए 243 रनों के अंतर से शिकस्त दी है। इस जीत के साथ टीम इंडिया विश्व कप की अंक तालिका में 16 अंक लेकर टॉप पर है, जबकि अफ्रीकी टीम आज की हार के बाद भी दूसरे स्थान पर ही बनी हुई है। हालांकि आज की पराजय दक्षिण अफ्रीका की सेमीफाइनल की राह में कोई बाधा नहीं बनेगी, क्योंकि आज के मैच के पहले ही भारत के साथ साउथ अफ्रीकी टीम पहले ही अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर चुकी थी।
मैच की अपडेट जानकारी के लिए नीचे स्क्रॉल कीजिए….
साउथ अफ्रीका के 8 विकेट गिरे
79 रन पर साउथ अफ्रीका के 8 विकेट गिर चुके हैं। मार्को यानसेन 30 गेंद में 14 रन बना चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया।
साउथ अफ्रीका को 7वां झटका
रवींद्र जडेजा ने 67 के स्कोर पर साउथ अफ्रीका को 7वां बड़ा झटका दिया। केशव महाराज 11 गेंद में सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब कगिसो रबाडा और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 69/7 है।
साउथ अफ्रीका को छठा झटका
साउथ अफ्रीका ने 59 रनों पर छठा विकेट गंवा दिया है। डेविड मिलर 11 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। इस मैच में यह उनकी तीसरी सफलता है। अब मार्को यानसेन और केशव महाराज क्रीज पर हैं।
साउथ अफ्रीका के पांच विकेट गिरे
40 रन के स्कोर पर साउथअफ्रीका के पांच विकेट गिर चुके हैं। मोहम्मद शमी ने डुसेन को विकेटों के सामने फंसाया। उन्होंने 32 गेंद में 13 रन बनाए। भारत ने एक बार फिर रिव्यू लेकर विकेट हासिल किया। अब डेविड मिलर के साथ मार्को यानसेन क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 42/5 है।
साउथ अफ्रीका के चार विकेट गिरे
40 रन पर साउथअफ्रीका के चार विकेट गिर चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने हेनरिक क्लासेन को आउट किया। उन्होंने 11 गेंद में एक रन बनाए। जडेजा ने रिव्यू लेकर यह विकेट हासिल किया।
साउथ अफ्रीका को तीसरा झटका
साउथ अफ्रीका को तीसरा झटका लगा है। एडेन मार्करम को मोहम्मद शमी ने विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया। साउथ अफ्रीका का स्कोर 10 ओवर्स में तीन विकेट पर 35 रन है। रस्सी वैन डर डुसेन 9 और हेनरिक क्लासेन 0 रन पर खेल रहे हैं।
साउथ अफ्रीका का दूसरा विकेट गिरा
22 रन के स्कोर पर साउथअफ्रीका के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। क्विंटन डिकॉक के बाद कप्तान टेम्बा बावुमा भी आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। बावुमा ने 19 गेंद में 11 रन बनाए। अब डुसेन के साथ एडेन मार्करम क्रीज पर हैं।
साउथ अफ्रीका को पहला झटका
दक्षिण अफ्रीका को दूसरे ओवर में 6 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने इस विश्व कप में दो शतक लगा चुके क्विंटन डिकॉक को बोल्ड किया। डिकॉक एक चौके की मदद से 10 गेंद में 5 रन बना सके। दो ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 1 विकेट पर 6 रन है। फिलहाल कप्तान तेम्बा बावुमा और रसी वान डर डुसेन क्रीज पर हैं।
भारत ने साउथ अफ्रीका को दिया 327 रनों का टारगेट
भारत ने साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 327 रनों का टारगेट दिया है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 326 रन बनाए। विराट कोहली 121 गेंद में 101 रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली ने 10 चौके लगाए। वहीं, रवींद्र जडेजा 15 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ मिलकर 35 गेंद पर 62 रन की साझेदारी निभाई थी। रोहित 24 गेंद में ताबड़तोड़ 40 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। शुभमन गिल 24 गेंद 23 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का लगाया। 93 पर 2 विकेट गिरने के बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने 134 रन की साझेदारी निभाई। श्रेयस 87 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के की मदद 77 रन बनाकर आउट हुए। केएल राहुल 8 रन बना सके। सूर्यकुमार यादव ने 14 गेंद में 5 चौके की मदद से ताबड़तोड़ 22 रन बनाए। विराट ने 49वें ओवर में जाकर शतक पूरा किया। वह 121 गेंद में 10 चौके की मदद से 101 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, जडेजा ने अपनी 29 रन की नाबाद पारी में 3 चौके और 1 छक्का लगाया।
साउथ अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी, कगिसो रबाडा, मार्को जानसेन, तबरेज शम्सी और केशव महाराज ने एक-एक विकेट लिया।
वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले प्लेयर
सचिन तेंदुलकर – 452 पारी – 49 शतक
विराट कोहली – 277 पारी – 49 शतक
रोहित शर्मा – 251 पारी – 31 शतक
रिकी पोंटिंग – 365 पारी – 30 शतक
सनथ जयसूर्या – 433 पारी – 28 शतक
कोहली ने वनडे में लगाया 49वां शतक
किंग कोहली ने अपने 35वें जन्मदिन पर ऐतिहासिक शतक लगा दिया है। विराट कोहली के वनडे इंटरनेशनल करियर का यह 49वां शतक रहा। कोहली ने अब सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है। कोहली ने 119 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। इस विश्व कप यह उनका दूसरा शतक रहा। 49 ओवरों में भारत का स्कोर 5 विकेट पर 309 रन है।
वनडे में सबसे ज्यादा शतक
- 49 विराट कोहली (277 पारी)
- 49 सचिन तेंदुलकर (452 पारी)
- 31 रोहित शर्मा (251 पारी)
- 30 रिकी पोंटिंग (365 पारी)
- 28 सनथ जयसूर्या (433 पारी)
भारत को पांचवां झटका
46वें ओवर में 285 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। तबरेज शम्सी ने सूर्यकुमार यादव को विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। वह 14 गेंद में पांच चौके की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल विराट कोहली 91 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रवींद्र जडेजा उनका साथ निभाने आए हैं।
भारत को चौथा विकेट गिरा
भारत को 43वें ओवर में 249 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। मार्को यानसेन ने केएल राहुल को डुसेन के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंद में आठ रन बना सके। फिलहाल विराट कोहली 78 रन और सूर्यकुमार यादव चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। 43 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 253 रन है।
श्रेयस शतक से चूके
श्रेयस अय्यर 77 रन बनाकर आउट हो गए हैं। श्रेयस को लुंगी एनिगडी ने एडेन मार्करम के हाथों कैच आउट कराया। श्रेयस ने 87 गेंदों की पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। कोहली और श्रेयस के बीच 158 गेंदों पर 134 रनों की साझेदारी हुई। विराट कोहली 68 और केएल राहुल 0 रन पर खेल रहे हैं। भारत का स्कोर 37 ओवर्स में 3 विकेट पर 227 रन है।
भारत के 200 रन पूरे
33.1 ओवरों में भारत के 200 रन पूरे हो चुके हैं। विराट कोहली 56 और श्रेयस अय्यर 63 रन पर खेल रहे हैं।
श्रेयस अय्यर का अर्धशतक
श्रेयस अय्यर ने 64 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। इस दौरान उन्होंने चार चौके और एक सिक्स लगाया है। उन्होंने विराट कोहली के साथ शानदार साझेदारी की है और टीम इंडिया को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।
कोहली का 71वां वनडे अर्धशतक
विराट कोहली ने अपना 71वां वनडे अर्धशतक पूरा कर लिया है। कोहली ने 67 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसमें 5 चौके शामिल रहे। कोहली के वर्ल्ड कप में 1500 रन पूरे हो गए हैं। वे इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की सूची में चौथे नंबर पर हैं। सचिन तेंदुलकर 2278 रन के साथ टॉप पर हैं। भारत का स्कोर 29 ओवर्स में दो विकेट पर 170 रन।
भारत का स्कोर 150 के पार
26 ओवर के बाद भारत का स्कोर 151/2 है। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। कोहली अपने अर्धशतक के बेहद करीब हैं। अब श्रेयस भी अच्छी लय में दिख रहे हैं।
भारत के 100 रन पूरे
13.2 ओवर्स में भारत का स्कोर 2 विकेट पर 100 रन है। विराट कोहली 22 और श्रेयस अय्यर 4 रन पर खेल रहे हैं।
भारत को दूसरा झटका
भारत को 11वें ओवर में 93 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शुभमन गिल 24 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने क्लीन बोल्ड किया। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 94 रन है। फिलहाल विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
भारत का पहला विकेट गिरा
भारत का पहला विकेट गिर चुका है। कप्तान रोहित शर्मा 40 रन बनाकर आउट हुए हैं। रोहित को कगिसो रबाडा ने कप्तान टेम्बा बावुमा के हाथों कैच आउट कराया। रोहित ने 24 गेंदों की पारी में 6 चौके और 2 सिक्स लगाया। 6 ओवर्स के बाद भारत- 62/1
भारत का स्कोर 50 के पार
भारत का स्कोर 5 ओवर्स में बिना किसी नुकसान के 61 रन है। रोहित शर्मा ने 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए हैं। वहीं शुभमन गिल तीन चौके की सहायता से 12 रन पर खेल रहे हैं।
भारत की बैटिंग शुरू
भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर है। साउथ अफ्रीका की ओर से पहला ओवर मार्को जानसेन ने किया है। रोहित ने 5 रन बनाए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज।
साउथ अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), रसी वान डर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, कगिसो रबाडा, लुंगी एंगिडी।
भारत की पहले बैटिंग
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने प्लेइंग-11 में एक भी बदलाव नहीं किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने स्पिनर तबरेज शम्सी को तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी की जगह टीम में शामिल किया।
दोनों टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई
भारत टूर्नामेंट की एकमात्र अजेय टीम है, अब तक 7 में से 7 मैच जीते हैं। दूसरी ओर साउथ अफ्रीका को 7 में से 6 मुकाबलों में जीत और महज एक में हार मिली है। इसी के साथ दोनों टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। भारत के पास 14 और साउथ अफ्रीका के पास 12 पॉइंट्स हैं। ऐसे में आज का मैच जीतने वाली टीम नंबर-1 पोजिशन पर रहेगी और लीग स्टेज को इसी पोजिशन पर फिनिश भी कर सकती है।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
वर्ल्ड कप में दोनों टीमें 5 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। 2 बार भारत ने और 3 मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं। वहीं वनडे में दोनों टीमों के बीच 90 मुकाबले खेले गए। 37 में भारत और 50 में साउथ अफ्रीका को जीत मिली। तीन मैच नो रिजल्ट भी रहे। दोनों आखिरी बार पिछले साल अक्टूबर के दौरान भारत में ही भिड़ीं थी। 3 मैचों की उस सीरीज को भारत ने 2-1 से जीता था।
कोहली आज बना सकतें हैं एक और रिकॉर्ड
विराट कोहली अपने जन्मदिन के अवसर पर खास रिकॉर्ड बना सकते हैं। आज वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलने उतरेंगे और शतकीय पारी खेलकर सचिन के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं। वनडे में सबसे ज्यादा 49 शतक सचिन के नाम हैं और कोहली 48 शतक के साथ उनसे बस एक कदम पीछे हैं।
कोहली बना सकते हैं ये तीन रिकॉर्ड
1. कोहली अगर इस मुकाबले में शतक बनाने में सफल हो जाते हैं, तो वह वनडे मैचों सबसे ज्यादा शतक 49 शतक लगाने के मामले में सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।
2. विराट कोहली यदि शतक लगाते हैं तो वह जन्मदिन पर वनडे इंटरनेशनल में सेंचुरी लगाने वाले दूसरे भारतीय होंगे। फिलहाल सचिन तेंदुलकर ऐसा करने वाले इकलौते भारतीय हैं। सचिन ने अपने 25वें बर्थडे पर वनडे शतक लगाया था।
3. विराट कोहली इस मैच के दौरान 61 रन बनाते हैं तो वह कुमार संगकारा को पछाड़ देंगे। विश्व कप में कुमार संगकारा ने 1,532 रन बनाए थे। वहीं विराट कोहली के नाम विश्व कप में अबतक 1,472 रन दर्ज हैं। विश्व कप में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड तेंदुलकर के पास है। सचिन ने 2278 रन बनाए थे।
वनडे में अपने बर्थडे पर शतक लगाने वाले खिलाड़ी
बल्लेबाज | स्कोर | खिलाफ | डेट |
टॉम लाथम | 140* | नीदरलैंड | 02/04/2022 |
रॉस टेलर | 131* | पाकिस्तान | 08/03/2011 |
सनथ जयसूर्या | 130 | बांग्लादेश | 30/06/2008 |
मिचेल मार्श | 121 | पाकिस्तान | 20/10/2023 |
सचिन तेंदुलकर | 134 | ऑस्ट्रेलिया | 24/04/1998 |
विनोद कांबली | 100* | इंग्लैंड | 18/01/1993 |