🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

शराब के नशे में दोस्ती का कत्ल,चाकू से गोदकर साथी को उतारा मौत के घाट

भागीरथपुरा में किराए के मकान में साथ रहते थे दोनों, नशे में कहासुनी के बाद बिगड़ी बात; वारदात के बाद आरोपी फरार
Follow on Google News
शराब के नशे में दोस्ती का कत्ल,चाकू से गोदकर साथी को उतारा मौत के घाट
घटना स्थल की जांच करते अधिकारी

इंदौर। भागीरथपुरा इलाके में सोमवार रात शराब के नशे में शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। किराए के मकान में साथ रहने वाले दो साथियों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि एक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट आने के बाद घायल को परिजन तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

ये भी पढ़ें: सिंगरौली में प्रधान आरक्षक ने फांसी लगाकर दी जान, ट्रांसफर नहीं होने से था परेशान

शराब के नशे में भिड़े साथी, चाकू निकलते ही मचा हड़कंप

पुलिस के मुताबिक वारदात भागीरथपुरा स्थित बाबा यादव की गली में हुई। यहां 50 वर्षीय राजेश पुत्र लखन सिंह नायक अपने साथी हरिओम पुत्र नाथू बंजारा के साथ किराए के मकान में रहता था। सोमवार रात दोनों ने साथ में शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान हरिओम ने चाकू निकालकर राजेश पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से राजेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी लगी तो अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें: गुनाह माता-पिता का, सजा मासूम को... चार महीने की उम्र में जेल पहुंची दुधमुंही

भाई अस्पताल लेकर पहुंचा, इलाज के दौरान मौत

राजेश की हालत बिगड़ती देख उसका भाई उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एसीपी रूबीना मिजवानी के अनुसार प्रारंभिक जांच में शराब पीने के बाद दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपी हरिओम की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: मंडला में पेट्रोल पंप पर फिल्मी अंदाज में डकैती, 1 मिनट में 93 हजार लूटकर फरार

एक साल पहले कासगंज से आया था इंदौर

राजेश मूल रूप से कासगंज, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह फुटकर बर्तन बेचकर अपना गुजारा करता था। परिजनों के मुताबिक उसकी पत्नी की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। करीब एक साल पहले वह रोजगार की तलाश में इंदौर आया था और भागीरथपुरा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर बर्तन बेचने का काम कर रहा था। इंदौर में नया जीवन शुरू करने आए राजेश की जिंदगी का अंत उसके ही परिचित के हाथों हो गया। पुलिस अब आरोपी हरिओम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

icon

Latest Posts