भोपालमध्य प्रदेश

KGF अवतार में कमलनाथ रिटर्न्स : पूर्व सीएम का एंग्रीमैन अवतार में वीडियो वायरल, भाजपा ने पूछा- क्या उन्हें मप्र में अफगानिस्तान दिख रहा है?

मध्य प्रदेश की राजनीति में लगता है K.G.F Chapter – 2 की एंट्री हो गई है। मूवी के ट्रेलर से मिलता-जुलता एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। दरअसल इस वीडियो में मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ KGF फिल्म के हीरो के अवतार में दिख रहे हैं। इस वीडियो का टाइटल कमलनाथ रिटर्न्स 2023 रखा गया है। यह एक एडिटेड वीडियो है।

वीडियो में क्या दिखाया गया है?

वीडियो की शुरुआत गन लोड करने से होती है, एक मिनट के फिल्मी वीडियो में हीरो के मुंह पर कमलनाथ का मुखौटा लगाया गया है। गोली चलने के साथ ही इस वीडियो में कई तरह के स्लोगन नजर आते हैं, जिनके माध्यम से भाजपा को घेरने की कोशिश की गई है। गोलीबारी के बीच लास्ट में एक पोस्टर दिखाया गया है, जिसमें कमलनाथ गन के साथ नजर आ रहे हैं, इस पर लिखा है कमलनाथ रिटर्न्स 2023।

वीडियो वॉर

2018 के विधानसभा चुनाव में भी इसी तरह बीजेपी और कांग्रेस के बीच वीडियो वॉर देखने को मिली थी। 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी और कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे। 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर राज्य में सरकार बना ली थी।

क्या यह अफगानिस्तान है : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष

जबलपुर में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने वीडियो को लेकर कहा – क्या उनको (कमलनाथ) मप्र अफगानिस्तान दिख रहा है? जो इस प्रकार का वीडियो जारी किया है? देश के अंदर क्या राजनीति में बंदूकों की जरूरत है, जो वीडियो जारी किया है, उसे देखना चाहिए। क्या भारत का समाज ऐसा है? यह गांधीजी का देश है, इस देश का जनमानस ऐसा है, प्रेम भाव के साथ आइए, समाज में पहुंचिए, जनता से मिलिए..पर ये गने लोड कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- MP Election : राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किए निर्देश, जानिए क्या है नगरीय निकाय चुनाव का कार्यक्रम

कमलनाथ 2023 में वापसी पर बोले- मुझे जब से संगठन की जिम्मेदारी मिली है, जब से मैं रोज देखता हूं कमिंग सून, कमिंग सून… आ जाएं, जब आना है। बीजेपी अपना काम करती है। हमें उनसे दिक्कत नहीं है। वह गन लोड करें या क्या-क्या कर रहे हैं। बीजेपी काम के बल पर, कार्यकर्ताओं के बल पर, पद्धति के आधार पर, अनुशासन पर काम करती है… हमें भगवान का आशीर्वाद भी मिल रहा है।

गृहमंत्री ने पूछा किस पर गोली चला रहे हैं कमलनाथ

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ जी किस पर गोली चला रहे हैं, यह स्पष्ट कर दें। वह यह स्पष्ट करें कि ऐसे मारधाड़, रहस्य-रोमांच के वीडियो जारी कर रहे हैं? सेवा के भी वीडियो जारी करें। कोविड काल में सेवा करते हुए वीडियो दिखा दें। लोगों की मदद के लिए तो जा नहीं रहे, कम से कम ऐसे वीडियो ही दिखा दें।

संबंधित खबरें...

Back to top button