
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक पालतू कुत्ते ने अपनी ही मालकिन की जान ले ली। लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र में यह घटना घटी है। यहां पालतू पिटबुल कुत्ते ने एक 80 साल की महिला को नोच खाया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वह नारी शिक्षा निकेतन में शिक्षिका के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं।
घर में पाले थे दो कुत्ते
पुलिस के मुताबिक मृतका अपने 25 वर्षीय बेटे जिम ट्रेनर के साथ रहती थी। उनके पास दो पालतू कुत्ते हैं- एक पिट बुल और एक लैब्राडोर। जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के बंगाली टोला की रहने वाली रिटायर शिक्षिका सुशीला त्रिपाठी हर रोज की तरह अपने पिटबुल ‘ब्राउनी’ और लैब्राडोर को लेकर टहलाने के लिए गईं थीं। इसी बीच पिटबुल ने अचानक सुशीला त्रिपाठी पर हमला कर दिया।
नौकरानी ने दी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, जब नौकरानी घर आई तो सुशीला को जमीन पर लहुलुहान देखकर हैरान रह गई। उसने महिला के बेटे अमित को फोन किया। इसके बाद अमित आनन-फानन में भागते हुए घर पहुंचा और तत्काल अपनी मां को लेकर निकट के बलरामपुर अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी मां को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर्स ने बताया कि ज्यादा खून बहने की वजह से महिला की मौत हुई।
महिला के शरीर में धंसे कुत्ते के दांत
पिटबुल ने पूरा जोर लगाकर सुशीला त्रिपाठी पर हमला किया और शरीर के कई जगह को काट डाला। सुशीला के हाथ, पाव, पेट और पीठ पर 12 गंभीर घाव थे। ट्रामा सेंटर के सीनियर डॉक्टरों ने बताया कि महिला के गले से लेकर पेट और पैरों तक कई गहरे घाव थे। मृतक के शरीर में कुत्ते के दांत धंस गए थे और पेट का मांस फट गया था। हमले के दौरान महिला घर में अकेली थी। उनका जिम ट्रेनर बेटा जिम गया हुआ था। महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है।
पिटबुल के हमले का देश में तीसरा मामला
खूंखार पिटबुल द्वारा अपने मालिक या घर के किसी अन्य सदस्य पर हमले का देश में यह तीसरा मामल बताया जा रहा है। लखनऊ से पहले हरियाणा के यमुनानगर में फरवरी 2022 में और राजस्थान के जयपुर में जुलाई 2021 में ऐसा केस सामने आ चुका है।
ये भी पढ़ें- Corona Update: कोरोना ने बढ़ाई चिंता… नए मामलों में 24% का इजाफा, इस राज्य ने 24 जुलाई तक बंद किए स्कूल
शहर के 23 घरों में पल रहा पिटबुल
लखनऊ नगर निगम के हिसाब से शहर में कुल 4824 पालतू कुत्तों का लाइसेंस जारी किया गया है। इसमें 2370 कुत्ते विदेश ब्रीड के हैं। शहर के 23 घरों में पिटबुल पल रहे हैं। इसके अलावा 603 लैब्राडोर, 518 जर्मन शेफर्ड, 347 गोल्डन रिट्रीवर, 178 रॉटविलर शामिल हैं। देसी ब्रीड के लिए 1126 कुत्तों का लाइसेंस नगर निगम ने जारी किया है।