
बिजनेस डेस्क। भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने रेपो रेट में बढ़ोतरी नहीं करके आम आदमी को बड़ी राहत दी है। लगातार तीसरी बार RBI ने दरों में बदलाव नहीं किया है। RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग में लिए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि, ब्याज दर 6.50% बनी रहेगी। इसका मतलब है कि, होम लोन या ऑटो लोन लेने वालों पर ईएमआई का बोझ नहीं बढ़ेगा।
फरवरी से रेपो रेट स्थिर
देश में महंगाई के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद इसे तय दायरे में वापस लाने के लिए रिजर्व बैंक ने मई 2022 के बाद से लगातार नौ बार Repo Rate में इजाफा किया था। वहीं फरवरी 2023 के बाद से इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। अप्रैल और जून में हुई बैठक में भी इस दर को स्थिर रखा गया था।
शक्तिकांत दास के संबोधन की बड़ी बातें
- RBI ने ब्याज दर बिना बदलाव के 6.5% पर स्थिर रखी।
- Q2 का महंगाई दर अनुमान 5.2% से बढ़ाकर 6.2% किया।
- बैंकों को NDTL में 10% ICRR मेंटेन करना होगा।
- FY24 में रियल GDP ग्रोथ का अनुमान 6.5% पर बरकरार रखा।
- FY25 की पहली तिमाही में रियल GDP अनुमान 6.6%
- MPC का सर्वसम्मति से दरें स्थिर रखने के पक्ष में वोट
- जैसी स्थिति बनेगी उस हिसाब से फैसला लेने के लिए तैयार।
- MPC के 6 में से 5 सदस्य अकोमोडेटिव रुख वापसी के पक्ष में।
- महंगी सब्जियों के चलते जुलाई-अगस्त में भी महंगाई ऊंची रहेगी।
- FY24 में महंगाई का अनुमान 5.1% से बढ़ाकर 5.4% किया।
- वित्त वर्ष 2023-24 (FY24) में महंगाई 4% के ऊपर ही रहने की संभावना।
पिछले वित्त वर्ष 6 बार में इतना बढ़ा रेपो रेट
मॉनेटरी पॉलिसी की मीटिंग हर दो महीने में होती है।
- अप्रैल 2022 में हुई मीटिंग में RBI ने रेपो रेट को 4% पर स्थिर रखा था। लेकिन RBI ने 2 और 3 मई को इमरजेंसी मीटिंग बुलाकर रेपो रेट को 0.40% बढ़ाकर 4.40% कर दिया था।
- 6 से 8 जून 2022 को हुई मीटिंग में रेपो रेट को 0.50% बढ़ाकर 4.90% कर दिया गया।
- अगस्त 2022 में इसे 0.50% बढ़ाया गया जिससे ये 5.40% पर पहुंच गई।
- सितंबर 2022 में रेपो रेट को 0.50%बढ़ाकर 5.90% कर दिया गया।
- दिसंबर 2022 में हुई मीटिंग के बाद ब्याज दरें 6.25% पर पहुंच गई।
- वित्त वर्ष 2022-23 की आखिरी मीटिंग फरवरी में हुई, जिसमें ब्याज दरें 6.25% से बढ़ाकर 6.50% कर दी गई थीं।
देश की जीडीपी को लेकर RBI का अनुमान
वित्त वर्ष 2024 के लिए RBI ने GDP का अनुमान 6.5 फीसदी पर बरकरार रखा है। इसके अलावा वित्त वर्ष 2024 की सभी तिमाही के लिए ग्रोथ रेट का अनुमान –
- वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में ग्रोथ रेट 7.8 फीसदी
- वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही में ग्रोथ रेट 6.2 फीसदी
- वित्त वर्ष 2024 की तीसरी तिमाही में ग्रोथ रेट 6.1 फीसदी
- वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में ग्रोथ रेट 5.9 फीसदी
क्या होता है रेपो रेट और रिवर्स रेपो रेट ?
जानकारी के मुताबिक, रेपो रट वे दर है जिस पर RBI द्वारा बैंकों को कर्ज दिया जाता है। बैंक इसी कर्ज से ग्राहकों को लोन देते हैं। बता दें कि रेपो रेट कम होने का मतलब है कि बैंक से मिलने वाले कई तरह के लोन सस्ते हो जाएंगे। जबकि रिवर्स रेपो रेट इसके उलट होता है। रिवर्स रेपो रेट वे दर है, जिस पर बैंकों की ओर से जमा पर RBI से ब्याज मिलता है। रिवर्स रेपो रेट के जरिए बाजार में लिक्विडिटी कंट्रोल किया जाता है।
ये भी पढ़ें- RBI ने ब्याज दर में नहीं किया बदलाव, लगातार 6 बार बढ़ने के बाद अब 6.50% पर बना रहेगा रेपो रेट