I.N.D.I.A. गठबंधन में टूट! ममता बनर्जी ने बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का किया ऐलान, कांग्रेस को लेकर कही ये बात

कोलकाता। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। ममता ने बुधवार को कहा- पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस ने मेरा प्रस्ताव ठुकराया है। हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे। ममता के इस ऐलान के साथ ही विपक्षी इंडिया गठबंधन की तस्वीर और भविष्य पर संकट के बादल गहरे हो गए हैं।
बंगाल में हम अकेले भाजपा को हराएंगे : ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में सीटों के बंटवारे पर कहा कि मेरी कांग्रेस से कोई चर्चा नहीं हुई है। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे। मुझे इस बात की बिल्कुल चिंता नहीं है कि देश में क्या होगा, लेकिन हम सेक्युलर पार्टी हैं और बंगाल में हम अकेले भाजपा को हराएंगे। मैं अब भी I.N.D.I.A अलायंस का हिस्सा हूं। राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है, लेकिन हमें इसके बारे में बताया तक नहीं गया है।












