राष्ट्रीय

हिमाचल के CM सुखविंदर सुक्खू कोरोना पॉजिटिव, आज PM मोदी से होनी थी मुलाकात; 3 दिन दिल्ली में रहेंगे क्वारंटीन

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात से पहले प्रोटोकॉल के तहत उनका कोरोना टेस्ट किया गया था। जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं अब सीएम सुक्खू पीएम से मुलाकात नहीं कर पाएंगे। वे तीन दिनों तक क्वारंटीन रहेंगे।

हिमाचल भवन में क्वारंटीन रहेंगे सीएम

सीएम सुक्खू सोमवार यानि आज पीएम मोदी से मुलाकात करने वाले थे। आज 11 से 12 बजे के बीच उनकी मुलाकात प्रस्तावित थी। इसके लिए 18 दिसंबर को उनका सैंपल लिया गया था, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं अब सीएम सुक्खू और उनके साथ दिल्ली गई टीम भी हिमाचल भवन में अगले तीन दिन क्वारंटीन रहेगी।

जानकारी के मुताबिक, सीएम में लक्षण नहीं हैं और एहतियात के तौर पर उन्होंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। उनके सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।

16 दिसंबर को राहुल की यात्रा में हुए थे शामिल

सुखविंदर सुक्खू 14 दिसंबर को शिमला से दिल्ली गए। जहां से वे 15 दिसंबर को सभी विधायकों के साथ राजस्थान गए। यहां 16 दिसंबर को वे दौसा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद उसी दिन रात में CM सुक्खू दिल्ली पहुंचे और 17 व 18 दिसंबर को उन्होंने कई केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। इसके साथ ही वे NSUI और यूथ कांग्रेस द्वारा रखे गए सम्मान समारोह में भी शामिल हुए।

हिमाचल के 15वें सीएम हैं सुक्खू

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में हिमाचल के 15वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। चार बार के विधायक रहे सुक्खू हिमाचल कांग्रेस के प्रमुख भी रह चुके हैं।

सुक्खू 1989 से 1995 के बीच NSUI के अध्यक्ष रहे। इसके बाद वह 1999 से 2008 के बीच युवा कांग्रेस के प्रमुख रहे। वह नगर निगम का चुनाव भी लड़े और दो बार पार्षद भी चुने गए थे। सुक्खू 2013 में हिमाचल कांग्रेस के प्रमुख के पद तक पहुंचे और 2019 तक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे।

ये भी पढ़ें- हिमाचल के 15वें मुख्यमंत्री बने सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी CM की कमान; राज्यपाल ने दिलाई शपथ

छात्र नेता के रूप में की थी शुरुआत

सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हुआ था। वह कांग्रेस की प्रचार समिति के प्रमुख हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीजी और एलएलबी की पढ़ाई की। सुक्खू ने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी। तब वह सरकारी कॉलेज संजौली, शिमला में छात्र थे। वे कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष और महासचिव भी रहे। उनकी पत्नी का नाम कमलेश ठाकुर है। उनकी दो बेटियां हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button