
भोपाल। शहर में अनियंत्रित शव वाहन की चपेट में आने से एक की मौत हो गई। वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नगर निगम का शव वाहन शुक्रवार को अनियंत्रित होकर मजार में घुस गया। हादसे में घायलों को हमीदिया अस्पताल भिजवाया गया है।
ये भी पढ़ें: मानहानि का केस खारिज : पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के खिलाफ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने किया था केस
कल्याण नगर में जनाजा लेने पहुंचा था शव वाहन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को नगर निगम का शव वाहन छोला मंदिर क्षेत्र के कल्याण नगर में जनाजा लेने पहुंचा था। जब शव वाहन वहां पहुंचा तो जनाजे की तैयारियां पूरी नहीं हुई थी व मृतक के परिजन किसी का इंतजार कर रहे थे। जिसके चलते शव वाहन का ड्राइवर वाहन मस्जिद के पास खड़ा कर मृतक के परिजनों के पास कॉलोनी में अंदर चला गया।
हादसे में एक की मौत, 2 घायल
इसी बीच वहां मौजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने सड़क किनारे खड़े शव वाहन को स्टार्ट कर दिया। वाहन के स्टार्ट होते ही व्यक्ति का कंट्रोल अचानक वाहन से हट गया। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मजार में जा घुसा। वहीं मजार में मौजूद नियाज मोहम्मद वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस हादसे में 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें हमीदिया अस्पताल भिजवाया गया है।
ये भी पढ़ें: भीषण गर्मी में लोगों को भा रहा मटके का मीठा पानी, बाजारों में जमकर बिक रहे देसी फ्रिज