हरदा में सर्व ब्राह्मण समाज ने 201 शिक्षकों का किया सम्मान

हरदा। में सर्व ब्राह्मण समाज संगठन की ओर से शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार शाम स्व. मनोहरलाल शर्मा की स्मृति में परशुराम शिक्षा रत्न सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में निजी एवं सरकारी विद्यालयों में अध्यापन कर रहे शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ गुरुकुल संचालित करने वाले गुरुओं और सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस दौरान कुल 201 शिक्षकों को दुपट्टा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत उद्बोधन महामंत्री उत्तम तेनगुरिया ने दिया, जबकि संगठन की गतिविधियों की जानकारी अध्यक्ष सुनील तिवारी ने दी। मंच पर डॉ. प्रभुशंकर शुक्ल, डॉ. अरविंद शुक्ला, पंडित राजेश शर्मा, पंडित बलराम जोशी, संजय शर्मा, अध्यक्ष सुनील तिवारी, कार्यवाहक अध्यक्ष आचार्य ओमप्रकाश पुरोहित और संयोजक नितेश बादर मौजूद रहे।
शिक्षकों के योगदान को बताया महत्वपूर्ण
समारोह में प्राचार्य त्रिलोक शर्मा, भुवनेश्वरी पांडे, कपिल दुबे और बालक सक्षम अग्निहोत्री ने अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि डॉ. प्रभुशंकर शुक्ल ने कहा कि हमें ब्राह्मणत्व को पहचानकर उसे आत्मसात करना चाहिए। साथ ही ब्राह्मण समाज को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने प्रभावी उद्बोधन के दौरान श्रोताओं को जोड़ा और जयकारे भी लगवाए। डॉ. अरविंद शुक्ला ने संगठनात्मक एकता के साथ ब्राह्मण शिक्षक-शिक्षिकाओं के दायित्वों पर विचार रखे। पंडित राजेश शर्मा ने गुरुकुल में दी जा रही शिक्षा की जानकारी दी और आयोजन की सराहना की। पंडित बलराम जोशी ने शिक्षा के प्रसार को श्रेष्ठ कार्य बताया। पंडित ओमप्रकाश पुरोहित ने भी समारोह को संबोधित किया। अंत में उपाध्यक्ष रोहित तिवारी ने आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें: दुबई में CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा दांव! 500 दिग्गज निवेशकों से करेंगे सीधी डील, प्रदेश में आएगा अरबों का निवेश?
शिक्षकों पर हुई पुष्पवर्षा, भावुक हुए
सम्मान समारोह के दौरान मुख्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ युवा इकाई और महिला इकाई के सदस्यों ने सम्मानित होने वाले शिक्षकों पर पुष्पवर्षा की। सम्मान और पुष्पवर्षा के इस भावपूर्ण अवसर पर कई शिक्षक भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। शिक्षकों ने समाज संगठन की इस पहल की सराहना की। सर्व ब्राह्मण समाज संगठन के अध्यक्ष सुनील तिवारी ने बताया कि शिक्षकगण के सम्मान के लिए उज्जैन से एक क्विंटल गुलाब के फूल मंगाए गए थे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों पर पुष्पवर्षा कर समाज के सभी लोग स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
रामधुन से भक्तिमय हुआ वातावरण
कार्यक्रम में संरक्षक चंद्रकांत शुक्ला, कोषाध्यक्ष गजानंद डाले, वरिष्ठ समाजसेवी बीपी तिवारी, मुन्ना पाराशर, पेंशनर्स एसोसिएशन से अनिल अग्निहोत्री, कार्यक्रम प्रभारी राजेंद्र शर्मा, रोहित तिवारी, नगर अध्यक्ष दीपक शुक्ला, महामंत्री सौरभ तिवारी, एसबी जोशी, महिला इकाई अध्यक्ष विनीता राजोरिया, सचिव अदिति गुरु, संरक्षक मीना ओझा, पूजा राजवैद्य, शानू शर्मा, युवा इकाई कार्यकारी अध्यक्ष सुदीप मंडलोई, सचिव नवीन शर्मा, दीपक चौबे, कान्हा, प्रतीक शर्मा और शुभम वशिष्ठ सहित समाजजन मौजूद रहे। अध्यक्ष सुनील तिवारी ने बताया कि सम्मान समारोह के बाद रामरक्षा स्तोत्र, हनुमान चालीसा पाठ और रामधुन का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजनों से समारोह स्थल का वातावरण भक्तिमय हो गया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज के लिए गौरव का विषय है।
ये भी पढ़ें: 'ऐ बाप पे मत जाना'... मनोज तिवारी की बेटी रीति की बिग बॉस में एंट्री, सलमान ने याद दिलाया 16 साल पुराना किस्सा




















