दुबई में CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा दांव! 500 दिग्गज निवेशकों से करेंगे सीधी डील, प्रदेश में आएगा अरबों का निवेश?

मध्यप्रदेश में नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को चार दिवसीय दुबई दौरे पर रवाना हुए। वे 6 से 9 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात में रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री दुनिया के बड़े निवेशकों, उद्योग समूहों और कारोबारी नेताओं से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा मध्यप्रदेश में नए उद्योग लाने और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे निवेशकों के सामने मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, कारोबार के लिए उपलब्ध सुविधाओं और अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को रखेंगे। दुबई में मुख्यमंत्री ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश-दुबई 2026’ के तहत कई बैठकों और निवेश कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में होने वाले कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
पहले दिन प्रवासी भारतीयों से मुलाकात
दुबई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री का प्रवासी भारतीय समुदाय की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे ‘एक जिला-एक उत्पाद’ यानी ODOP स्टॉल का उद्घाटन करेंगे। इस स्टॉल में मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों के प्रसिद्ध उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे उत्पाद शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना और इनके लिए नए खरीदार और कारोबारी साझेदार तलाशना है। मुख्यमंत्री UAE में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री उन्हें इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का न्योता देंगे।
500 बड़े निवेशकों के बीच मध्यप्रदेश की बात रखेंगे CM
दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के विशेष ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आमंत्रण के आधार पर होने वाला कार्यक्रम है। इसमें करीब 500 बड़े निवेशकों, सोवरिन वेल्थ फंड, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री यहां मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर बात करेंगे। वे AIM कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी से भी मुलाकात करेंगे। यह बैठक मध्यप्रदेश के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां मौजूद बड़े निवेशक और कंपनियां भविष्य में प्रदेश में उद्योग, परियोजनाओं और कारोबारी साझेदारी की संभावनाएं तलाश सकती हैं।
इंदौर मेट्रो अब चलेगी 17 किमी-सीएम डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री खट्टर ने हरी झंडी दिखाई, सफर भी किया
7 सितंबर को मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन
दौरे के दूसरे दिन यानी 7 सितंबर को मुख्यमंत्री AIM कांग्रेस-2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। वे लीडर्स सेशन को संबोधित भी करेंगे। इसी दिन मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। इस पवेलियन में प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसर, पर्यटन और प्रमुख क्षेत्रों की जानकारी अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को दी जाएगी। मुख्यमंत्री रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से भी मुलाकात करेंगे। उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा तातारस्तान के गवर्नर के साथ बैठक और ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश-इंडिया’ निवेश सत्र भी आयोजित होगा।
यूएई के बड़े कारोबारी नेताओं से होगी बातचीत
मुख्यमंत्री यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री, डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी और लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के चेयरमैन एवं एमडी यूसुफ अली एमए समेत कई बड़े कारोबारी नेताओं से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश, उद्योग लगाने, कारोबार बढ़ाने और लंबे समय की साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
8 सितंबर को वन-टू-वन बैठक, सीधे निवेशकों से संवाद
दौरे के तीसरे दिन मुख्यमंत्री का पूरा फोकस निवेशकों से सीधे बातचीत पर रहेगा। वे कई बड़े कारोबारी समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। इनमें राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट जोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल जैसे समूह शामिल हैं। इसके बाद शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस और अन्य प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक होगी।मुख्यमंत्री इन निवेशकों को भी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।
रियल एस्टेट, शहरी विकास और पर्यटन पर भी नजर
मुख्यमंत्री बीआह ग्रुप के सीईओ और दुबई के प्रमुख कारोबारी समूह इमार के CEO से भी मुलाकात करेंगे। इमार के साथ बैठक में रियल एस्टेट, शहरी विकास और इससे जुड़े क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। वहीं पर्यटन क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश की संभावनाओं को निवेशकों के सामने रखा जाएगा।
अंतिम दिन ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश’ कार्यक्रम
दुबई दौरे के अंतिम दिन 9 सितंबर को ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश: निवेश अवसरों पर संवाद’ कार्यक्रम होगा। इसमें यूएई के व्यवसाय और परोपकार के लिए विशेष दूत बद्र जाफ़र विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की औद्योगिक, कृषि और पर्यटन क्षमता के बारे में बताएंगे। साथ ही निवेशकों को प्रदेश में उपलब्ध अवसरों और सुविधाओं की जानकारी देंगे। इसके बाद 9 सितंबर को मुख्यमंत्री दुबई से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
क्यों अहम है मुख्यमंत्री का दुबई दौरा?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा सिर्फ निवेश बैठक तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश के बड़े केंद्रों से जोड़ना, नए उद्योगों के लिए रास्ते खोलना और प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को विदेशी बाजार तक पहुंचाना भी है।



















