राष्ट्रीय

Gujarat Election 2022 Result : जामनगर नार्थ से क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जीतीं, भूपेंद्र 12 को लेंगे सीएम पद की शपथ

जामनगर (गुजरात)। क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा गुजरात की जामनगर उत्तर सीट से चुनाव जीत गई हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार उन्हें 84,336  वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी (AAP) के कर्षन कारमुर को 33,880 वोट मिले। कांग्रेस पार्टी के बिपेन्दर सिंह जडेजा (रविन्द्र जडेजा के जीजा) 22,822 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

भाई-बहन के बीच दिखी लड़ाई

जामनगर उत्तर सीट पर जडेजा परिवार के बीच लड़ाई साफ नजर आई। एक तरफ क्रिकेटर रविन्द्र जडेजा पत्नी रिवाबा के पक्ष में BJP के लिए प्रचार कर रहे थे, तो वहीं उनकी बहन नयनाबा जडेजा अपने पति के पक्ष में कांग्रेस के लिए प्रचार कर रही थीं।

2012 में बनी थी सीट

जामनगर उत्तर सीट का गठन परिसीमन के बाद हुआ। पहली बार यहां 2012 में वोटिंग हुई थी। तब चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी, जबकि 2017 में यह सीट भाजपा के पक्ष में गई थी। उस वक्त कांग्रेस के निवर्तमान विधायक धर्मेंद्र सिंह जडेजा उर्फ हाकुभा भाजपा में शामिल हो गए थे। लेकिन भाजपा ने इस बार उनकी जगह रिवाबा जडेजा को टिकट दिया था।

12 दिसंबर को शपथ लेंगे भूपेंद्र पटेल

 

गुजरात में भाजपा की विराट जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को दोपहर 2 बजे शपथ लेंगे। भाजपा यहां 157 सीटें जीती है। यह पिछली बार से 58 सीटें अधिक है। कांग्रेस यहां 77 सीटों से सिमटकर 16 सीटों पर आ गई है। आम आदमी पार्टी ने गुजरात में खाता खोल लिया है। यहां 5 सीटों पर आम प्रत्याशी जीते हैं, जबकि अन्य 4 सीटों पर विजयी हुए हैं।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button