राष्ट्रीय

Uttarakhand : खाई में गिरी शादी से लौट रहे बारातियों की गाड़ी, 11 की मौत; पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

उत्तराखंड के चंपावत जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरा एक वाहन खाई में गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। हादसा चंपावत के सुखीढांग-रीठा साहिब सड़क पर मंगलवार तड़के करीब 3-4 बजे हुआ। सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे।

प्रधानमंत्री ने की घोषणा

पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में हुई दुर्घटना को लेकर शोक जताते हुए हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, वाहन में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। तब ही इनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। वहीं दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इन लोगों ने हादसे में गवाई जान

जान गंवाने वालों में लक्ष्मण सिंह (61), केदार सिंह (62), ईश्वर सिंह (40), उमेद सिंह (48), हयात सिंह (37), पुष्पा देवी (50) शामिल हैं। ये सभी ककनई गांव के रहने वाले थे। वहीं, पुनी देवी (55), भगवती देवी (45) हल्द्वानी के रहने वाले थे। बसंती देवी (35) चंपावत की, जबकि श्याम लाल (50) और विजय लाल (48) डांडा के ही रहने वाले थे।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button