Froggy को कहा अलविदा!Google Weather फीचर में बड़ा बदलाव

Google ने अपने पुराने और पसंदीदा Weather इंटरफेस को बंद कर दिया है। अब वेदर शॉर्टकट पर टैप करने पर अलग फुल-स्क्रीन पेज की बजाय सीधे Google सर्च रिजल्ट खुलेंगे। पहले जहां साफ-सुथरा और Froggy बैकग्राउंड वाला अनुभव मिलता था, वहीं अब यूजर्स को ज्यादा जानकारी के साथ एक सामान्य सर्च पेज दिखेगा।
Follow on Google News
Google Weather फीचर में बड़ा बदलाव
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    अगर आप अपने फोन में सीधे Google Weather खोलकर मौसम देखते थे, तो अब आपको थोड़ा अलग एक्सपीरिंयस मिलने वाला है। Google ने अपने पुराने वेदर इंटरफेस को बंद कर दिया है। पहले जो शॉर्टकट एक खास फुल-स्क्रीन पेज खोलता था, अब वह सीधे Google सर्च रिजल्ट पर ले जाता है। इस बदलाव की जानकारी सबसे पहले 9to5Google की रिपोर्ट में सामने आई थी।
    यह बदलाव खासकर उन यूजर्स को ज्यादा महसूस होगा जो रोजाना मौसम देखने के लिए इसी शॉर्टकट का इस्तेमाल करते थे।

    क्या था पुराना Google Weather फीचर?

    पुराना Google Weather कोई अलग ऐप नहीं था। यह Google ऐप के अंदर खुलने वाला एक खास पेज था। जैसे ही यूजर वेदर शॉर्टकट पर टैप करता था, एक साफ स्क्रीन खुलती थी। इसकी सबसे खास पहचान थी Froggy बैकग्राउंड। यह एक मजेदार और रंगीन डिजाइन था, जो मौसम के हिसाब से बदलता रहता था। अगर बारिश होती तो बारिश का दृश्य, अगर धूप होती तो धूप वाला सीन दिखता था। इस पेज पर सिर्फ मौसम की जानकारी होती थी।

    • मौजूदा तापमान
    • मौसम की स्थिति
    • अगले 10 दिनों का पूर्वानुमान

    यूजर्स आसानी से स्वाइप करके आगे के दिनों का मौसम देख सकते थे। अलग-अलग शहर सेव करके उनके बीच स्विच करना भी बहुत आसान था।

    सबसे बड़ी बात यह थी कि यहां कोई विज्ञापन या एक्स्ट्रा लिंक नहीं दिखते थे। पूरा फोकस सिर्फ मौसम पर रहता था। इसी वजह से यह फीचर तेज, सीधा और बिना रुकावट वाला अनुभव देता था।

    अब कैसा दिखेगा नया इंटरफेस?

    अब जब आप Google Weather शॉर्टकट पर टैप करेंगे, तो एक अलग फुल-स्क्रीन पेज नहीं खुलेगा। इसकी जगह सामान्य Google सर्च पेज खुलेगा। इस नए पेज पर जानकारी ज्यादा विस्तृत मिलेगी। प्रति घंटे का मौसम पूर्वानुमान, 10 दिनों का आउटलुक, एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI), हवा की गति और अन्य विवरण के अलावा डिजाइन आधुनिक और अपडेटेड है।

    पहले जैसा साफ और बिना ध्यान भटकाने वाला अनुभव अब नहीं मिलेगा। जो यूजर्स सिर्फ तापमान और साधारण जानकारी देखना चाहते थे, उन्हें अब थोड़ा ज्यादा स्क्रॉल करना पड़ सकता है।

    Pixel यूजर्स पर कितना असर?

    Google Pixel फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए यह बदलाव ज्यादा बड़ा नहीं है। Pixel डिवाइस में पहले से ही एक अलग Weather ऐप मौजूद है। यह ऐप खास तौर पर मौसम की जानकारी के लिए बनाया गया है और अलग अनुभव देता है। इसलिए Pixel यूजर्स को पुराने शॉर्टकट के बंद होने से ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन नॉन-पिक्सल एंड्रॉयड यूजर्स, जो Google Weather शॉर्टकट को ही अपना मुख्य वेदर टूल मानते थे, उन्हें अब नए तरीके की आदत डालनी होगी।

    Google ने यह बदलाव क्यों किया?

    माना जा रहा है कि यह बदलाव Google की बड़ी रणनीति का हिस्सा है। कंपनी धीरे-धीरे अपने छोटे-छोटे फीचर्स को अलग रखने के बजाय उन्हें सीधे सर्च सिस्टम में शामिल कर रही है। इससे सभी सेवाएं एक ही जगह पर मिलती हैं और प्लेटफॉर्म ज्यादा केंद्रित बनता है।  हालांकि कई यूजर्स के लिए यह बदलाव पुराने और आसान अनुभव के खत्म होने जैसा है।

    अब देखना यह होगा कि यूजर्स नए सर्च आधारित वेदर पेज को कितना पसंद करते हैं। 

    Garima Vishwakarma
    By Garima Vishwakarma

    गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts