अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, महिलाएं पहुंचीं थाने

घंसौर। तहसील के थाना किंदरई क्षेत्र की ग्राम पंचायत पोड़ी के अंतर्गत ग्राम पोड़ी कारीधून में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर गांव में कथित रूप से लंबे समय से चल रही अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब आसानी से उपलब्ध होने के कारण बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों पर नशे का असर बढ़ रहा है। शराब के सेवन के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनती है, जिससे गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति का सबसे अधिक असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यक्रम भी हो रहे प्रभावित
ग्रामीणों ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि शराब के कारण गांव में होने वाले सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में भी कई बार व्यवधान की स्थिति उत्पन्न होती है। उनका कहना है कि नशे के कारण आपसी विवाद और अशांति की स्थिति बनने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गांव में शराब की अवैध बिक्री करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: सागर में जहरीली शराब से अब तक 22 मौतें, 112 लोगों का इलाज जारी; 30 लोगों पर FIR
जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की उम्मीद
ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने की मांग की। उनका कहना है कि कार्रवाई होने से गांव में शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण बनाने में मदद मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच करेगा और अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेगा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाए रखने और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक जरूरी है।
ये भी पढ़ें: गर्दन से जबड़े तक घुसी डेढ़ फुट की सरिया, 6 साल के बच्चे की जटिल सर्जरी से बची जान




















