Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गर्दन से जबड़े तक घुसी डेढ़ फुट की सरिया, 6 साल के बच्चे की जटिल सर्जरी से बची जान

एटा में खेलते समय 6 साल का बच्चा निर्माणाधीन मकान की सरिया पर गिर गया। डेढ़ फुट की सरिया गर्दन से मुंह और जबड़े तक घुस गई। डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर बच्चे की जान बचाई।
गर्दन से जबड़े तक घुसी डेढ़ फुट की सरिया, 6 साल के बच्चे की जटिल सर्जरी से बची जान

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक छह साल के बच्चे के साथ खेलते समय दर्दनाक हादसा हो गया। थाना सकीट क्षेत्र के ग्राम बाबली में बच्चों के साथ खेल रहा मासूम अचानक संतुलन बिगड़ने से निर्माणाधीन मकान के कॉलम में लगी लोहे की सरिया पर जा गिरा। करीब डेढ़ फुट लंबी सरिया बच्चे की गर्दन से होकर मुंह और ऊपर के जबड़े तक घुस गई। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बेहद सावधानी से ऑपरेशन कर सरिया को बाहर निकाला और बच्चे की जान बचा ली।

खेलते समय अचानक बिगड़ा संतुलन

हादसा ग्राम बाबली में उस समय हुआ, जब छह साल का बच्चा अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पास ही बन रहे एक मकान के कॉलम में खुली लगी सरिया पर जा गिरा। सरिया बच्चे के शरीर में काफी अंदर तक फंस गई थी। उसकी हालत देखकर उसे मौके पर ही निकालना संभव नहीं था। ऐसे में परिजनों और ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए पहले सरिया को काटा, ताकि बच्चे को बिना ज्यादा नुकसान पहुंचाए अस्पताल ले जाया जा सके।

एटा मेडिकल कॉलेज के बाद मैक्सिलोफैशियल अस्पताल पहुंचाया

सरिया काटने के बाद परिजन और ग्रामीण बच्चे को तुरंत एटा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। इसके बाद उसे अरुणा नगर स्थित मैक्सिलोफैशियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन की तैयारी की।

Breaking News

डेढ़ फुट की सरिया गर्दन से जबड़े तक पहुंची

मैक्सिलोफैशियल अस्पताल के सर्जन डॉ. हिमांशु उपाध्याय के अनुसार, करीब डेढ़ फुट लंबी लोहे की रॉड बच्चे की गर्दन से होकर मुंह और ऊपर के जबड़े को चीरती हुई बाहर निकली थी। हादसे में बच्चे के दो से तीन दांत टूट गए थे और जबड़े की हड्डी में मामूली फ्रैक्चर भी हुआ था। डॉक्टरों ने बेहद सावधानी से ऑपरेशन किया और सरिया को बाहर निकाला। जटिल सर्जरी के बाद बच्चे की जान बच गई।

दिल्ली सत्य निकेतन हादसा: MCD का बड़ा एक्शन, डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अधिकारी निलंबित

आईसीयू में चल रहा इलाज

सफल ऑपरेशन के बाद बच्चे को आईसीयू में भर्ती किया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है। परिजन और ग्रामीण इस हादसे के बाद निर्माणाधीन मकानों में खुले में लगी सरियों को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि निर्माणाधीन मकानों में असुरक्षित तरीके से लगी सरियों के आसपास बच्चों का खेलना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts