Fifa World Cup 2026 : चार बार की चैंपियन जर्मनी बाहर, पराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में रचा इतिहास

स्पोर्ट्स डेस्क। फुटबॉल वर्ल्ड कप में मंगलवार को सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। फीफा रैंकिंग में 34वें स्थान पर मौजूद पराग्वे ने चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। निर्धारित समय, इंजरी टाइम और अतिरिक्त समय के बाद दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल हीरो साबित हुए।
दूसरों मैचों का हाल
ब्राजील ने आखिरी मिनट में जापान को हराया
दूसरी ओर, पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने रोमांचक मुकाबले में जापान को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली। दूसरे हाफ में सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर आए गैब्रियल मार्टिनेली ने इंजरी टाइम के छठे मिनट में गोल दागकर टीम को यादगार जीत दिलाई। ब्राजील लगातार 20वीं बार प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: नॉकआउट मुकाबले से पहले केप वर्डे की बढ़ी मुश्किलें..! कप्तान मेंडेस पर लगे रेप के आरोप, जानें कौन है महिला?
ऐसे चला जर्मनी-पराग्वे का मुकाबला
पहले हाफ में पराग्वे ने 42वें मिनट में बढ़त बनाई। मिगेल अल्मिरोन के पास पर मातियास गालार्सा ने शानदार क्रॉस दिया, जिसे जूलियो एनसिसो ने हेडर के जरिए गोल में बदल दिया। जर्मनी ने 52वें मिनट में वापसी करते हुए फ्लोरियन विर्ट्ज के क्रॉस पर काई हैवर्ट्ज के हेडर से बराबरी कर ली।
इसके बाद दोनों टीमों को कई मौके मिले, लेकिन कोई भी बढ़त नहीं बना सका। अतिरिक्त समय के 102वें मिनट में जर्मनी के जोनाथन ताह ने गोल किया, लेकिन वीडियो रिव्यू में गोलकीपर पर फाउल मिलने के कारण गोल रद्द कर दिया गया।
पेनल्टी शूटआउट में गिल बने जीत के हीरो
पेनल्टी शूटआउट में जोस कैनाले ने निर्णायक गोल किया, जबकि गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने दो अहम सेव कर जर्मनी की उम्मीदें खत्म कर दी। उनकी शानदार गोलकीपिंग की बदौलत पराग्वे ने 4-3 से जीत दर्ज की और प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
खिलाड़ियों ने क्या कहा?
ऑरलैंडो गिल
हमने हर खिलाड़ी की पेनल्टी का पहले से विश्लेषण किया था।
यह जीत पूरे पराग्वे के लोगों के नाम है।
जोस कैनाले
हमारी टीम ने साबित किया कि हम कितने एकजुट हैं।
बड़े मंच पर हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
काई हैवर्ट्ज
इस वर्ल्ड कप से हमें काफी उम्मीदें थीं।
मौके बनाने और खेल की रफ्तार बनाए रखने में हम सफल नहीं रहे।
आगे किससे होगा मुकाबला?
ब्राजील का सामना अब राउंड ऑफ-16 में आइवरी कोस्ट या नॉर्वे से होगा। पराग्वे की अगली टक्कर फ्रांस और स्वीडन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगी। वहीं पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने दो पेनल्टी बचाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। जबकि ब्राजील के लिए गैब्रियल मार्टिनेली ने इंजरी टाइम में गोल कर टीम को लगातार 20वीं बार राउंड ऑफ-16 में पहुंचाया।











