ताजा खबरराष्ट्रीय

बिहार के आरा में दर्दनाक हादसा, बेकाबू होकर मिनी ट्रक पलटा; तीन महिलाओं समेत 4 मजदूरों की मौत

आरा। बिहार के भोजपुर जिले में रविवार को मिनी ट्रक के पलटने से तीन महिलाओं समेत चार मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा पटना-बक्सर राजमार्ग पर आरा शहर के शाहपुर पुलिस थाना क्षेत्र के रानी सागर चौराहे पर तड़के हुआ। इस हादसे में 12 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में नीतीश कुमार ने कहा- ‘‘मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर उनके परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

आज की अन्य खबरें…

उत्तराखंड में खाई में अनियंत्रित होकर गिरी कार, 2 की मौत; 11 घायल

देहरादून। उत्तराखंड के टिहरी जनपद अंर्तगत रविवार को गहरी खाई में कार अनियंत्रित होकर गिर गई। इस हादसे में दो यात्रियों को मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि थाना नरेंद्र नगर पर चौकी गजा से तीन किमी दूर दुआकोटी धार में एक कार की खाई में गिर जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने एक वाहन संख्या यूके 07 टीए 0530 दुआकोटी धार से करीब 150 मीटर नीचे खाई में गिरी दिखी। वाहन में 13 व्यक्ति सवार थे, जिन्हें स्थानीय पुलिस व स्थानीय जनता की मदद से आपात चिकित्सा वाहन 108 के माध्यम से सरकारी अस्पताल गाजा व नरेंद्रनगर अस्पताल भिजवाया गया।

घटना में दो लोगों की धर्मवीर असवाल पुत्र कर्म सिंह असवाल, निवासी कठूड, उम्र 45 वर्ष, रितिका पुत्री दीप सिंह, निवासी अमसारी, उम्र 21 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विकास पांडे पुत्र सत्य प्रसाद, निवासी मटियाली, उम्र 35 वर्ष, साक्षी पुत्री खुशीराम जखमोला, निवासी पाली, उम्र 19 वर्ष, कलावती पत्नी स्व0 सुभाष, निवासी उत्तरकाशी, उम्र 60 वर्ष, वीरेंद्र सिंह पुंडीर पुत्र शंकर सिंह, निवासी फलसरी, उम्र 52 वर्ष (चालक ), सृष्टि पुत्री अनिल, निवासी खांड तल्ला, उम्र 11 वर्ष, पूजा पुत्री खुशीराम, निवासी पाली, उम्र 22 वर्ष, वंश पुत्र सुभाष निवासी खांड तल्ला, उम्र 8 वर्ष, गौतम पुत्र सुभाष, निवासी उत्तरकाशी, उम्र 19 वर्ष, दीपा देवी पत्नी कुंदन लाल, निवासी पलोगी, उम्र 65 वर्ष, प्रवासी पत्नी अनिल सजवान, निवासी खांड तल्ला, उम्र 35 वर्ष और अदिति पुत्री विकास पांडे, निवासी मटियाली डेढ़ वर्ष को घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया है।

गाजा शहर पर इजरायली बमबारी में 12 लोगों की मौत, 30 घायल; मरने वाले फिलीस्तीनियों की संख्या बढ़कर 32,705

गाजा। गाजा शहर में सहायता प्रदान करने के लिए जिम्मेदार लोगों पर इजरायली बमबारी में 12 फिलिस्तीनी मारे गए और 30 अन्य घायल हो गए। फिलिस्तीन टीवी ने बताया कि बमबारी शनिवार रात हुई। सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि मेडिकल टीमें हताहतों को ले जाने के लिए संघर्ष कर रही हैं, जबकि कुछ लोग अब भी सहायता के इंतजार में हैं। इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने उक्त घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है। हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि गाजा पट्टी पर चल रहे इजरायली हमलों में मरने वाले फिलीस्तीनियों की संख्या बढ़कर 32,705 हो गई है।

बहराइच में सौतेले पिता ने दो बच्चों का काटा गला, एक की मौत

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच शहर के मोहल्ला वजीरबाग निवासी एक सफाई कर्मी ने रविवार को पत्नी के ड्यूटी पर जाने के बाद अपनी सौतेली बेटी और पुत्र का गला चाकू से काट दिया। कोतवाली नगर के मोहल्ला वजीरबाग निवासी पिंकी पत्नी राजा वाल्मीकि सफाई कर्मी है। पिंकी के पति की मौत आठ साल पहले हो चुकी है। जिस पर पिंकी ने जरवल नगर पंचायत के मोहल्ला मीरगंज निवासी संतोष पुत्र बंशी लाल से विवाह किया है। पिंकी को पहले पति से तीन बच्चे हैं। आज सुबह 8 बजे पिंकी सफाई के लिए नगर पालिका ड्यूटी के लिए चली गई, जबकि उसका पति और बच्चे घर पर थे। पति संतोष ने अपनी सौतेली बेटी रिया उर्फ तानी (15) बेटे पूरन (12) वाल्मीकि पर चाकू से गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे रिया घायल होकर जमीन पर गिर गई।

इसके बाद रिया के सौतेले पिता ने अपने गले पर चाकू से वार किया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महर्षि बालार्क जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। रिया की मौत हो गई, जबकि भाई पूरन का का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी वृंदा शुक्ला, एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा, कोतवाल मनोज कुमार पांडे और सीओ सिटी राजीव सिसोदिया ने मौके पर पहुंच कर जांच की। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के बाद केस दर्ज किया जायेगा। शव पोस्टमार्टम को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के रिश्तेदार की हत्या के तीन दोषियों को उम्र कैद

मथुरा। मथुरा की एक अदालत ने उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के छोटे भाई एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य लेखराज चौधरी के समधी की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है और उन पर जुर्माना लगाया है। अभियोजन पक्ष के वकील अशोक कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि 18 जनवरी 2018 की शाम को दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौताना मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने छाता क्षेत्र के गौहारी गांव के पूर्व प्रधान सरमन सिंह (63) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सरमन सिंह प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के छोटे भाई एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य लेखराज चौधरी के समधी थे। अदालत में पेश किए गए आरोप पत्र में जेल में निरुद्ध पलवल के कैलाश नगर निवासी कर्मवीर सिंह को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए सतीराम, मनोज, अशोक, राधाचरण, धर्मवीर और प्रदीप समेत सात लोगों को आरोपी बनाया गया था।

पुलिस जांच में पता चला कि कर्मवीर ने यह हत्या पुरानी चुनावी रंजिश के चलते सुपारी देकर कराई थी। मथुरा जिला कारागार से पेशी के लिए लाए गए कर्मवीर पर छाता तहसील कार्यालय के बाहर जानलेवा हमला हुआ था और जयपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (अष्टम) नितिन पाण्डेय ने सतीराम, प्रदीप और धर्मवीर को हत्या का दोषी पाते हुए शनिवार को उन्हें उम्रकैद और पांच-पांच हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। इसके अलावा राधाचरण, अशोक और मनोज को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया।

संबंधित खबरें...

Back to top button