PlayBreaking News

नरसिंहपुर में EOW की बड़ी कार्रवाई : बिजली कंपनी के इंजीनियर के 4 ठिकानों पर छापा, बेनामी संपत्तियों का खुलासा

Follow on Google News
नरसिंहपुर में EOW की बड़ी कार्रवाई : बिजली कंपनी के इंजीनियर के 4 ठिकानों पर छापा, बेनामी संपत्तियों का खुलासा
नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में शनिवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर (AE) उमाशंकर पाराशर के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई में करोड़ों की अघोषित संपत्ति, फैक्ट्रियों, तीन मकानों और बेनामी संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों का खुलासा हुआ है। 15 सदस्यीय टीम जबलपुर से रवाना होकर नरसिंहपुर, आमगांव के पास बीनेर ग्राम और निवारी गांव स्थित ठिकानों पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पाराशर के पास आय से कई गुना अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं।

पत्नी के नाम पर संपत्ति का खेल

EOW के डीएसपी एबी सिंह के मुताबिक, उमाशंकर पाराशर के पास नरसिंहपुर के विपतपुरा इलाके में एक मकान, रोसरा में दो अन्य मकान, निवारी गांव में कॉमन बायो केमिकल फैक्ट्री और बीनेर ग्राम में मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट है। ये दोनों फैक्ट्रियां पत्नी के नाम पर दर्ज हैं, जिससे इनकी बेनामी संपत्ति होने का संदेह गहराया है।

कई दस्तावेज और लेन-देन के सबूत जब्त

EOW अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक लेन-देन से जुड़े कागजात और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। टीम ने संपत्ति के मूल्यांकन का काम शुरू कर दिया है। फैक्ट्रियों और मकानों के कागजातों की वैधता भी जांच के दायरे में है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इन संपत्तियों का बाजार मूल्य करोड़ों रुपए में आंका जा रहा है।

विजिलेंस से कटनी तबादले के बाद भी संदिग्ध गतिविधियां

गौरतलब है कि उमाशंकर पाराशर वर्तमान में कटनी के सिटी डिविजनल ऑफिस में AE हैं। इससे पहले वह नरसिंहपुर में विजिलेंस विभाग में पदस्थ थे। सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस में रहते हुए ही उन्होंने कई अघोषित संपत्तियों की नींव रखी थी। उनका कटनी तबादला एक साल पहले ही हुआ था, लेकिन तबादले के बाद भी आर्थिक अनियमितताओं का सिलसिला जारी रहा।

EOW की कार्रवाई जारी

EOW के अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई फिलहाल जारी है और टीम सभी दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। पूरी संपत्ति का मूल्यांकन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts