अंतर्राष्ट्रीयताजा खबरराष्ट्रीय

PM मोदी-भारत पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना मालदीव के मंत्रियों को पड़ा भारी, मरियम शिउना समेत 3 मंत्री सस्पेंड, देश में ट्रेंड कर रहा #BoycottMaldives

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत पर अपमानजनक टिप्पणी करना मालदीव के मंत्रियों को भारी पड़ गया है। मालदीव सरकार ने अपनी मंत्री मरियम शिउना को कैबिनेट से सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा दो अन्य नेताओं माल्शा शरीफ और अब्दुल्ला महजूम माजिद को भी सस्पेंड किया गया है। जानकारी के मुताबिक, विवादित बयान देने वाले मंत्रियों को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

कैसे हुई विवाद की शुरुआत?

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लक्षद्वीप का दौरा किया था। उन्होंने अपनी समुद्र किनारे टहलते और समय बिताते कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किया था। उन्होंने लोगों से लक्षद्वीप घूमने जाने के लिए भी कहा। इसके बाद सोशल मीडिया पर लक्षद्वीप ट्रेंड करने लगा। फोटो वायरल होते ही भारत के लक्षद्वीप की मालदीव से तुलना शुरू हो गई।

मामला इतना बढ़ा कि लोग मालदीव को छोड़कर लक्षद्वीप जाने की बात करने लगे। देखते ही देखते सोशल मीडिया बायकॉट मालदीव से भर गया। यह देखकर मालदीव के मंत्रियों ने भारत विरोधी बयान दे दिया। उनका कहना है कि, सर्विस में हमारी बराबरी कैसे करोगे। भारत के तट मालदीव के समुद्री तटों के सामने कुछ नहीं हैं। इसके बाद से ही बड़ी से बड़ी सेलिब्रिटी से लेकर आम आदमी तक सभी लक्षद्वीप के समर्थन में आगे आ रहे हैं। ट्वीटर पर #BoycottMaldives ट्रेंड होने लगा।

पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद ने की निंदा

मालदीव सरकार ने रविवार को तीन उप मंत्रियों को निलंबित कर दिया, जिन्हें ‘एक्स’ पर अपनी उन पोस्ट के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसमें वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं।’ वहीं पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने सोशल मीडिया पर मालदीव सरकार के अधिकारियों द्वारा भारत के खिलाफ ‘‘घृणास्पद भाषा” के इस्तेमाल की निंदा की। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं सोशल मीडिया पर मालदीव सरकार के अधिकारियों द्वारा भारत के खिलाफ घृणास्पद भाषा के इस्तेमाल की निंदा करता हूं। भारत हमेशा मालदीव का एक अच्छा दोस्त रहा है और हमें इस तरह की अपमानजनक टिप्पणियों के जरिये हमारे दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी दोस्ती पर नकारात्मक प्रभाव नहीं डालने देना चाहिए।” पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने भी मोदी के खिलाफ टिप्पणियों को ‘‘निंदनीय और घृणित” करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं सरकार से इन उप मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आह्वान करता हूं। सार्वजनिक हस्तियों को मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

विवादित बयान लिखकर हटाया

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लक्षद्वीप की यात्रा पर गए थे। जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर लक्षद्वीप की मालदीव से तुलना शुरू हो गई थी। वहीं मालदीव के मंत्री मरियम शिउना ने एक्स पर (अब हटाए गए) एक पोस्ट में मोदी की लक्षद्वीप यात्रा को लेकर मजाक उड़ाया।

शिउना ने कैप्शन में लिखा- अच्छा कदम है। हालांकि, हमसे कॉम्पिटीशन करने के विचार के भ्रम में न रहें। हमारे द्वारा दी जाने वाली सर्विस कैसे प्रदान कर सकते हैं? इतने साफ कैसे हो सकते हैं जैसे हम हैं… कमरों में आने वाली गंध सबसे बड़ी दिक्कत होगी।

मालदीव के मंत्रियों का बयान

मालदीव के मंत्री अब्दुल्ला मोहजुम माजिद ने लिखा कि, ‘मालदीव के पर्यटन को निशाना बनाने के लिए मैं भारत के पर्यटन को शुभकामनाएं देता हूं, लेकिन भारत को हमारे बीच पर्यटन से कड़ी टक्कर मिलेगी। हमारा रिजॉर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर ही इनके पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर से ज्यादा है।’ इस पोस्ट में पीएम मोदी को भी टैग किया गया है।

ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा #BoycottMaldives

मालदीव के मंत्रियों द्वारा दिए गए बयान के बाद से ही मामले ने तूल पकड़ लिया। भारतीय भी पीछे नहीं हटे और मालदीव के बहिष्कार को लेकर कैंपेन शुरू कर दिया।

अक्षय कुमार – मालदीव की प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों द्वारा भारतीयों पर बुरी टिप्पणियां की गईं। हैरानी की बात ये है कि, वे ऐसा उस देश के बारे में बोल रहे हैं जो उन्हें सबसे अधिक संख्या में पर्यटक भेजता है। हम अपने पड़ोसियों के प्रति अच्छे हैं लेकिन हमें ऐसी नफरत क्यों बर्दाश्त करनी चाहिए? मैंने कई बार मालदीव का दौरा किया है और हमेशा इसकी प्रशंसा की है, लेकिन गरिमा पहले है। आइए हम #भारतीय द्वीपों की खोज करने का निर्णय लें और अपने स्वयं के पर्यटन का समर्थन करें।

सलमान खान – लक्षद्वीप के सुंदर, स्वच्छ और आश्चर्यजनक समुद्र तटों पर हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्रभाई मोदी को देखना बहुत अच्छा है। सबसे अच्छी बात ये है कि ये द्वीप हमारे भारत में हैं।

आकाश चोपड़ा (पूर्व भारतीय क्रिकेटर) ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा – अब तक इस बात को लेकर मालदीव ने अपना पॉइंट दिया है। अब हम भारतीयों की बारी है कि हम बुद्धिमानी से चुने कि हमें कहां जाना है। मुझे पता है कि मेरा परिवार ऐसा करेगा। जय हिंद”।

देखें #BoycottMaldives के कुछ ट्वीट्स

ये भी पढ़ें- #BoycottMaldives : मालदीव को रास नहीं आई PM मोदी की लक्षद्वीप यात्रा, उड़ाया मजाक बोले – सर्विस में हमारी बराबरी कैसे करोगे; भारतीयों ने यूं लिया बदला

संबंधित खबरें...

Back to top button